

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Agricultural products from Chhattisgarh to gain access to the global market; key business discussions held in Barcelona, Spain.
रायपुर। छत्तीसगढ़ की कृषि संपदा को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। प्रदेश के पारंपरिक सुगंधित चावल और विशिष्ट कृषि उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए स्पेन के बार्सिलोना में महत्वपूर्ण व्यावसायिक चर्चा हुई। कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में स्पेन पहुंचे छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार और कृषि उत्पादों की ब्रांडिंग को लेकर विभिन्न संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया।
छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने बार्सिलोना में फिरा बार्सिलोना संस्था के सीईओ रिकॉर्ड जेप्टरो के साथ बैठक की। इस दौरान कृषि उत्पादन आयुक्त सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी और संचालक कृषि राहुल देव भी मौजूद रहे। बैठक में भारत के काउंसिल जनरल आर्स निसार की उपस्थिति भी रही। चर्चा का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ के कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंचों तक पहुंचाना और यूरोपीय बाजारों में उनकी संभावनाएं तलाशना रहा।
बैठक में छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सुगंधित चावल जीराफूल, जवाफूल, नगरी दुबराज और कालीमूंछ सहित अन्य विशिष्ट कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित करने पर जोर दिया गया। फिरा बार्सिलोना के सीईओ ने छत्तीसगढ़ शासन के साथ समन्वय स्थापित कर इन उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों के माध्यम से बढ़ावा देने में सहयोग की बात कही।
इस पहल से प्रदेश के विशिष्ट कृषि उत्पादों की ब्रांडिंग मजबूत होने के साथ विदेशी खरीदारों तक उनकी पहुंच बढ़ने की उम्मीद है।

फिरा बार्सिलोना संस्था विभिन्न देशों और राज्यों के साथ व्यावसायिक समन्वय स्थापित कर कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंचों तक पहुंचाने का काम करती है। मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के साथ समन्वय के बाद अब छत्तीसगढ़ के उत्पादकों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ), कृषि उद्यमियों और निर्यातकों को भी विदेशी खरीदारों से जुड़ने के नए अवसर मिल सकते हैं।
छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सुगंधित चावल अपनी खास खुशबू, स्वाद और गुणवत्ता के लिए जाने जाते हैं। जीराफूल और नगरी दुबराज चावल को भौगोलिक संकेतक (जीआई टैग) भी प्राप्त है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी प्रभावी ब्रांडिंग से किसानों को उनकी विशिष्ट उपज का बेहतर मूल्य मिलने की संभावना है। साथ ही पारंपरिक धान की किस्मों के संरक्षण को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार कृषि उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए संस्थागत व्यवस्थाओं का विस्तार कर रही है। छत्तीसगढ़ शासन ने निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 के तहत वर्ष 2030 तक प्रदेश के निर्यात को दोगुना करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
ऐसे में बार्सिलोना में हुई यह व्यावसायिक चर्चा प्रदेश के कृषि निर्यात को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
कृषि मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में हुई इस पहल से छत्तीसगढ़ के कृषि उत्पादों को विदेशी बाजारों में स्थापित करने की संभावनाएं मजबूत हुई हैं। अंतरराष्ट्रीय विपणन, बेहतर गुणवत्ता मानकों, आधुनिक पैकेजिंग और निर्यात आधारित कृषि को बढ़ावा मिलने से किसानों की आय बढ़ाने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल सकती है।
धान के कटोरे के रूप में पहचान रखने वाला छत्तीसगढ़ अब अपनी समृद्ध कृषि विरासत को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।