

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur neet student suicide kushalpur news
रायपुर। राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र अंतर्गत कुशालपुर इलाके में NEET की तैयारी कर रहे 17 वर्षीय एक छात्र ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और मामले की विस्तृत जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान बलौदाबाजार निवासी श्रेयांश बंजारे (17 वर्ष), पिता हरपाल बंजारे के रूप में हुई है। वह अक्टूबर 2026 से रायपुर के कुशालपुर में किराये के मकान में रहकर एक कोचिंग संस्थान से NEET प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा था।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि छात्र ने मंगलवार देर रात यह कदम उठाया होगा। बुधवार को जब श्रेयांश कोचिंग नहीं पहुंचा तो उसके साथियों ने उसे कई बार फोन किया। कॉल रिसीव न होने पर दोस्तों को किसी अनहोनी या तबीयत खराब होने की आशंका हुई, जिसके बाद वे कुशालपुर स्थित उसके किराये के मकान पर पहुंचे।
कमरे का दरवाजा भीतर से बंद था। खिड़की से अंदर देखने पर छात्र का शव पंखे से रस्सी के सहारे लटका मिला। इसके बाद दोस्तों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

मकान मालिक के मुताबिक, श्रेयांश को दिन में दो बार सुबह और शाम, टिफिन उपलब्ध कराया जाता था, लेकिन बुधवार दोपहर करीब दो बजे तक वह टिफिन लेने नहीं आया था।
दोपहर करीब ढाई बजे पुलिस दल मौके पर पहुंचा। सूचना मिलने पर मृतक के पिता हरपाल बंजारे भी घटनास्थल पर पहुंच गए थे। दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण पुलिस ने पिता की मौजूदगी में दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया और शव को नीचे उतारा।
पुलिस के साथ फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए। जांच के दौरान छात्र के हाथ से एक युवती द्वारा लिखा गया पत्र बरामद हुआ है, जिसमें उसने प्रेम संबंध में अधिक उलझने के बजाय करियर और भविष्य पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी थी।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस बरामद पत्र, व्यक्तिगत संबंधों, कोचिंग की पढ़ाई तथा दोस्तों, मकान मालिक और परिजनों के बयानों के आधार पर विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है, जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होने की बात कही गई है।