

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

cm-vishnu-deo-sai-paddy-procurement-area-complaints-collector-investigation-paras-portal-review-meeting
रायपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के बीच किसानों को रकबा कम होने की समस्या से राहत दिलाने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बड़ा निर्देश दिया है। उन्होंने सभी जिलों के कलेक्टरों को धान खरीदी से जुड़ी रकबा संबंधी शिकायतों की स्वयं जांच करने और उनका तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने को कहा है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि किसी भी किसान को धान बेचने में परेशानी नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में पारस पोर्टल की तृतीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश की प्रमुख शासकीय योजनाओं, विकास परियोजनाओं और नागरिक सेवाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे करने के निर्देश दिए।
पाइपलाइन से घरों तक पहुंचेगी गैस, PNG के फायदे बताएगी सरकार
बैठक में मुख्यमंत्री ने सिटी गैस वितरण योजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन के माध्यम से घरों तक गैस पहुंचाने के काम में तेजी लाई जाए। रायपुर और बिलासपुर सहित कुछ जिलों में बेहतर काम हो रहा है, लेकिन कई जिलों में प्रगति संतोषजनक नहीं है। ऐसे जिलों के कलेक्टरों को विशेष ध्यान देकर योजना को गति देने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि आम लोगों को एलपीजी की तुलना में पीएनजी के फायदे, किफायत और सुरक्षा के बारे में जागरूक किया जाए। इसके अलावा जनजातीय छात्रावासों, स्कूलों की सामुदायिक रसोई, सर्किट हाउस और अन्य सरकारी संस्थानों में भी पीएनजी के उपयोग को बढ़ावा दिया जाए।
जल जीवन मिशन और अमृत 2.0 के कामों में तेजी लाने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए कहा कि हर घर तक नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। सभी कलेक्टर इस योजना की मासिक समीक्षा करें और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा कराएं।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जल जीवन मिशन के तहत काम पूरा कर चुके ठेकेदारों का भुगतान समय पर किया जाए। बेहतर काम करने वाले ठेकेदारों को प्रोत्साहित किया जाए, जबकि लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
वहीं, मिशन अमृत 2.0 के तहत नगरीय क्षेत्रों में जल प्रदाय योजनाओं और सीवेज परियोजनाओं को भी तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।
लंबित वन स्वीकृतियों का जल्द होगा निराकरण
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत वन स्वीकृति से जुड़े लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने वन विभाग के अधिकारियों को आगामी समीक्षा बैठक से पहले लंबित कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यक प्रस्ताव राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड को भेजकर नियमानुसार प्रक्रिया पूरी करने को कहा।
700 औद्योगिक सुधारों के लाभ उद्यमियों तक पहुंचाने पर जोर
उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार ने बैठक में बताया कि प्रदेश में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा देने के लिए 700 सुधार शामिल किए गए हैं। इनके क्रियान्वयन की जिम्मेदारी 25 विभागों को सौंपी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सुधारों का लाभ उद्योगपतियों, व्यापारियों और उद्यमियों तक पहुंचना चाहिए। साथ ही सुधारों के प्रभाव का नियमित मूल्यांकन भी किया जाए, ताकि छत्तीसगढ़ में उद्योगों के लिए बेहतर वातावरण तैयार हो सके।
सेवा सेतु और CM हेल्पलाइन का होगा प्रचार-प्रसार
मुख्यमंत्री ने सेवा सेतु और सीएम हेल्पलाइन का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ लेने के लिए दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। लोगों को घर बैठे सरकारी सेवाएं मिलें और उनकी समस्याओं का आसानी से समाधान हो, इस दिशा में गंभीरता से काम किया जाए।
कलेक्टरों की टीएल बैठक में होगी योजनाओं की समीक्षा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए कि प्रमुख सरकारी योजनाओं और मिशनों को समय-सीमा (टीएल) की बैठकों में शामिल किया जाए। जिन जिलों में योजनाओं की प्रगति धीमी है, वहां विशेष समीक्षा कर कमियों को दूर किया जाए।
बैठक में मुख्य सचिव विकासशील, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव सुबोध कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के सचिव और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।