

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Operation Clean Hunt: Two absconding officials of Flora Max Company arrested in ₹49.50 lakh chit fund fraud.
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में लंबित मामलों के फरार आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन क्लीन हंट' के तहत धरमजयगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब 49.50 लाख रुपये की चिटफंड धोखाधड़ी के मामले में लंबे समय से फरार फ्लोरा मैक्स कंपनी के दो अधिकारियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। आरोपियों पर स्व-रोजगार और बैंक लोन के नाम पर 165 महिलाओं से ठगी करने का आरोप है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के दौरान धरमजयगढ़ पुलिस ने फरार आरोपी श्याम सिंह राजपूत और बलराम बंजारा उर्फ बल्लू को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर थे और उनकी लगातार तलाश की जा रही थी।
मामले की शिकायत ग्राम चैनपुर निवासी बाल कुमारी राठिया ने 5 दिसंबर 2024 को थाना धरमजयगढ़ में दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, फ्लोरा मैक्स कंपनी के संचालकों ने ग्रामीण महिलाओं को स्व-रोजगार, अधिक मुनाफा और नियमित आय का लालच देकर अपने साथ जोड़ा। महिलाओं के समूह बनाकर विभिन्न बैंकों से उनके नाम पर 30-30 हजार रुपये का ऋण दिलाया गया और दुकानें खुलवाई गईं।
हालांकि, व्यवसाय से होने वाली पूरी आय कंपनी के संचालकों ने अपने कब्जे में रख ली। महिलाओं को हर माह 2,700 रुपये देने का वादा किया गया था, लेकिन किसी भी महिला को भुगतान नहीं किया गया। इसके उलट बैंक ऋण की किश्तों का पूरा बोझ महिलाओं पर आ गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि कंपनी के डायरेक्टर अखिलेश सिंह, राजू सिंह, गुड़िया देवी राजपूत, श्याम सिंह राजपूत, बलराम बंजारा सहित अन्य सहयोगियों ने धरमजयगढ़ क्षेत्र के चैनपुर, सिथरा, जबगा और जमाबीरा गांव की 165 महिलाओं से करीब 49.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी की।
मामले में थाना धरमजयगढ़ में अपराध क्रमांक 283/2024 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS), छत्तीसगढ़ निक्षेपकों का संरक्षण अधिनियम तथा ईनामी चिट एवं धन परिचालन स्कीम (प्रतिबंध) अधिनियम, 1978 की संबंधित धाराओं के तहत जांच की जा रही है।
इस मामले में पुलिस पहले ही कंपनी से जुड़ी मंजू चौहान को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। उसके कब्जे से स्कूटी, महिलाओं की जमा राशि की रसीदें, रजिस्टर, बैंक लोन संबंधी दस्तावेज और कंपनी की प्रचार सामग्री जब्त की गई थी।
वहीं, मुख्य आरोपी अखिलेश सिंह, राजू सिंह और गुड़िया देवी को कोरबा जिले में दर्ज एक अन्य धोखाधड़ी मामले में जेल में निरुद्ध पाए जाने के बाद उनकी भी औपचारिक गिरफ्तारी की जा चुकी है।
ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत लगातार की जा रही तलाश के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। इसके आधार पर श्याम सिंह राजपूत को जांजगीर-चांपा जिले के हथनेवरा से तथा बलराम बंजारा उर्फ बल्लू को खरसिया क्षेत्र से हिरासत में लिया गया।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। अदालत के आदेश पर दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।