

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

PM Modi arrives in Slovakia; receives grand welcome with traditional bread and salt.
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार शाम तीन दिवसीय दौरे पर स्लोवाकिया की राजधानी Bratislava पहुंचे। 1993 में स्लोवाकिया के स्वतंत्र राष्ट्र बनने के बाद यह पहला अवसर है जब किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने देश का आधिकारिक दौरा किया है। एयरपोर्ट पर स्लोवाकिया के विदेश और यूरोपीय मामलों के मंत्री जुराज ब्लानार ने उनका स्वागत किया।
स्वागत समारोह के दौरान प्रधानमंत्री मोदी को पारंपरिक स्लोवाक परंपरा के अनुसार ब्रेड और नमक भेंट किया गया। स्लोवाक संस्कृति में यह परंपरा सम्मानित अतिथियों के प्रति आदर, सद्भावना और आतिथ्य का प्रतीक मानी जाती है। इस विशेष सम्मान के जरिए मेहमानों के प्रति शुभकामनाएं और मित्रता का संदेश दिया जाता है।
ब्रातिस्लावा स्थित होटल पहुंचने पर बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय के लोग प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के लिए मौजूद रहे। इस दौरान "मोदी-मोदी" और "भारत माता की जय" के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। प्रधानमंत्री ने भी लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और उनसे मुलाकात की।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ब्रेड और नमक से किया गया स्वागत स्लोवाकिया की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का सुंदर प्रतिबिंब है। उन्होंने इसे सद्भावना, मित्रता और सम्मान के उन मूल्यों का प्रतीक बताया जिन्हें दोनों देश महत्व देते हैं।
जानकारी के अनुसार स्लोवाकिया सहित कई पूर्वी यूरोपीय देशों में ब्रेड और नमक से स्वागत करने की परंपरा सदियों पुरानी है। रूस, यूक्रेन, पोलैंड, स्लोवाकिया और सर्बिया जैसे देशों में इसे अतिथि को दिया जाने वाला सर्वोच्च सम्मान माना जाता है। ताजा बनी ब्रेड और नमक की छोटी कटोरी के साथ स्वागत करना वहां मेहमाननवाज़ी की विशेष पहचान है।
प्रधानमंत्री मोदी का यह ऐतिहासिक दौरा भारत और स्लोवाकिया के द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है। दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, रक्षा और सांस्कृतिक सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।