

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

PM Modi breaks Nehru's record, becomes the country's longest-serving elected Prime Minister.
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 जून 2026 को एक नया राजनीतिक कीर्तिमान स्थापित करते हुए देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही उन्होंने भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। पीएम मोदी के लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में 4,399 दिन पूरे हो गए हैं।
रिकॉर्ड टूटने के बाद पीएम मोदी की पहली प्रतिक्रिया
इस उपलब्धि के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर देशवासियों के नाम संदेश जारी किया। उन्होंने जनसेवा, विनम्रता और सुशासन को लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए लिखा कि जनसेवा ही सुशासन की सबसे बड़ी कसौटी है। उन्होंने कहा कि समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और विनम्रता के साथ कार्य करने वाला व्यक्ति ही जनता का विश्वास अर्जित कर सकता है।
12 वर्षों की उपलब्धियों का किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में सरकार के पिछले 12 वर्षों के कार्यकाल का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह दौर विश्वास, विकास और जनकल्याण को समर्पित रहा है। युवाओं, महिलाओं और किसानों को सशक्त बनाने के लिए सरकार ने लगातार प्रयास किए हैं। उन्होंने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर विकास और डिजिटल क्रांति के क्षेत्र में भारत ने वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है।
2014 में पहली बार संभाली थी प्रधानमंत्री की जिम्मेदारी
नरेंद्र मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद 2019 और 2024 के आम चुनावों में जीत हासिल कर लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बने। इसी क्रम में उन्होंने लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबा कार्यकाल पूरा करने का रिकॉर्ड अपने नाम किया है।
नेहरू का रिकॉर्ड कैसे टूटा?
जवाहरलाल नेहरू 15 अगस्त 1947 को देश की आजादी के बाद प्रधानमंत्री बने थे। हालांकि स्वतंत्रता से 1952 के पहले आम चुनाव तक वे नियुक्त प्रधानमंत्री रहे। 1952 में चुनाव जीतने के बाद वे निर्वाचित प्रधानमंत्री बने और लगातार 4,398 दिनों तक इस पद पर रहे। अब नरेंद्र मोदी ने 4,399 दिनों का आंकड़ा छूकर यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
आज एनडीए संसदीय दल की अहम बैठक
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार दोपहर 3 बजे दिल्ली स्थित भारत मंडपम में एनडीए संसदीय दल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। बैठक में भाजपा और एनडीए शासित 22 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता हिस्सा लेंगे।
विकसित भारत-2047 के रोडमैप पर होगी चर्चा
बैठक में प्रधानमंत्री मोदी नेताओं को संबोधित करेंगे। इस दौरान उनके नए रिकॉर्ड पर बधाई प्रस्ताव भी पारित किया जा सकता है। साथ ही ‘विकसित भारत-2047’ के रोडमैप, केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय, विकास परियोजनाओं, ‘ईज ऑफ लिविंग’ और ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।