

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

PM Modi's statement on cooking gas shortage, warning those spreading rumours
नई दिल्ली। देश के कुछ हिस्सों में रसोई गैस की कमी की खबरों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साफ कहा है कि घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर डर का माहौल बना रहे हैं और अफवाह फैला रहे हैं। ऐसे लोगों की न सिर्फ जनता के सामने सच्चाई उजागर हो रही है, बल्कि वे देश को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं।
नई दिल्ली में आयोजित एनएक्सटी समिट को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर वैश्विक ऊर्जा बाजार पर पड़ सकता है, लेकिन भारत सरकार देश की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर जरूरी कदम उठा रही है।
कालाबाजारी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
प्रधानमंत्री मोदी ने चेतावनी देते हुए कहा कि मौजूदा हालात का फायदा उठाकर कुछ लोग उत्पादों की कालाबाजारी करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे बेईमान लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आम जनता तक जरूरी ईंधन की आपूर्ति बिना किसी रुकावट के पहुंचती रहे।
पेट्रोलियम मंत्री ने भी दिया भरोसा
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भी संसद में कहा कि देश में रसोई गैस की कमी नहीं है। पेट्रोल, डीजल, केरोसिन और अन्य पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त भंडार मौजूद है और आपूर्ति व्यवस्था सामान्य रूप से चल रही है।
उन्होंने बताया कि देश में एलपीजी की आपूर्ति 40 से अधिक देशों से होने वाले आयात और घरेलू उत्पादन के माध्यम से सुनिश्चित की जा रही है। फिलहाल घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग से डिलीवरी तक का औसत समय करीब 2.5 दिन बना हुआ है।
सरकार ने किए अतिरिक्त इंतजाम
सरकार ने एहतियाती कदम के तौर पर राज्यों को 48 हजार किलोलीटर अतिरिक्त केरोसिन जारी किया है। इसके अलावा गैर-घरेलू क्षेत्रों के लिए कोयले की आपूर्ति भी बढ़ाई जाएगी। सरकार का कहना है कि रसोई गैस की कमी की किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त व्यवस्था की गई है और देश के 33 करोड़ से अधिक परिवारों की रसोई तक ईंधन की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।