

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Passenger bus rams into a stationary truck; 3 dead, 10 passengers injured
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सिमगा थाना क्षेत्र के ग्राम दरचुरा के पास अंबिकापुर से रायपुर आ रही यात्री बस सड़क किनारे खड़ी ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ से दस यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। दुर्घटना सुबह करीब 5:30 बजे हुई।
टक्कर के बाद मची चीख-पुकार
जानकारी के अनुसार, यात्री बस में कुल 22 लोग सवार थे। सुबह दरचुरा गांव के पास बस सड़क किनारे खड़ी ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और यात्रियों को बाहर निकालने के लिए बचाव कार्य शुरू किया गया।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
दुर्घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और सिमगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को उपचार के लिए सिमगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
हादसे में तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं, घायलों की संख्या आठ से दस बताई जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि ट्रक सड़क किनारे किस स्थिति में खड़ी थी और यात्री बस उससे कैसे टकराई।
मृतकों और घायलों की पहचान सहित दुर्घटना से जुड़ी अन्य विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है।