

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Crime: Petrol pump manager arrested for embezzling Rs 40 lakh; used to accept payments through personal QR code
गौरेला। केवची गांव स्थित “एचपी उर्मिला पेट्रोलियम” पेट्रोल पंप में करीब 40 लाख रुपये के गबन का मामला सामने आया है। पंप संचालक की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उसे हिरासत में रखकर पूछताछ की जा रही है और आज उसे अदालत में पेश किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार पंप संचालक व पूर्व जज प्रमोद सिंह परस्ते ने गौरेला पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि पंप के मैनेजर लालजी पटेल, निवासी पेंड्रा अमरपुर, ने लगभग 40 लाख रुपये का गबन किया है। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
निजी QR कोड में जमा कराता था रकम
शिकायत के मुताबिक पेट्रोल पंप के संचालन, आय-व्यय का हिसाब और दैनिक बिक्री रिकॉर्ड रखने की जिम्मेदारी मैनेजर लालजी पटेल को दी गई थी। पंप संचालन के लिए भारतीय स्टेट बैंक गौरेला से हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड की ई-डीलर फाइनेंसिंग स्कीम (e-DFS) के तहत करीब 67 लाख रुपये की सुविधा ली गई थी।
जांच में सामने आया कि आरोपी ग्राहकों से उधारी की राशि पंप के अधिकृत QR कोड के बजाय अपने निजी फोनपे नंबर पर जमा करवा रहा था। कई ग्राहकों ने रसीद और भुगतान के दस्तावेजों के साथ इसकी पुष्टि भी की।
बैंक रिकॉर्ड में नहीं मिला भुगतान का हिसाब
बैंक स्टेटमेंट और पंप के रजिस्टर के मिलान के दौरान यह पता चला कि खाते में केवल दैनिक नकद और अधिकृत ऑनलाइन भुगतान ही जमा हो रहे थे। जबकि निजी QR कोड में प्राप्त राशि का कोई रिकॉर्ड नहीं था। इस तरह करीब 40 लाख रुपये के गबन की बात सामने आई।
निवेश और ईवी कार भी जांच के घेरे में
मामले की जानकारी मिलने के बाद 15 जनवरी 2026 को आरोपी मैनेजर को काम से हटा दिया गया। पुलिस ने आरोपी के बैंक खातों और दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी ने कुछ रकम हर्बल लाइफ प्रोडक्ट्स में निवेश की थी। साथ ही उसकी एक ईवी कार भी पुलिस ने जब्त कर ली है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद आरोपी के खिलाफ अन्य धाराएँ भी जोड़ी जा सकती हैं और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।