

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Raipur VIP Road night club raid
रायपुर। राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड स्थित कई नाइट क्लबों में शनिवार देर रात तेलीबांधा पुलिस ने अचानक छापेमार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने क्लबों में मौजूद लोगों से पूछताछ की और क्लब संचालकों को नियमों का पालन करने की सख्त चेतावनी दी।
जानकारी के अनुसार, तेलीबांधा थाना प्रभारी (टीआई) के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ओटीआर क्लब, जूक क्लब और हायपर क्लब सहित कई प्रतिष्ठानों में जांच की। पुलिस को शिकायत मिली थी कि क्लब निर्धारित समय के बाद भी संचालित हो रहे हैं, अव्यवस्थित पार्किंग के कारण वीआईपी रोड पर जाम लग रहा है और नाबालिगों को भी प्रवेश दिया जा रहा है।
पुलिस ने क्लबों में मौजूद लोगों की जांच की और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की। हालांकि इस दौरान किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई और सभी को नियमों का पालन करने की चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार होने के कारण वीआईपी रोड पर देर रात तक भारी भीड़ रही। क्लबों के बाहर बेतरतीब पार्किंग से यातायात प्रभावित हुआ। वहीं कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था और नशे की हालत में कुछ युवक-युवतियां सड़क पर हंगामा करते दिखाई दिए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सप्ताहांत में वीआईपी रोड पर भीड़ और ट्रैफिक व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की जरूरत है। उनका मानना है कि नियमित निगरानी से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।
इस मामले में पुलिस उपायुक्त (सिविल लाइंस) ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि वीआईपी रोड स्थित क्लबों में चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। क्लब संचालकों की बैठक बुलाकर उन्हें सभी नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए जाएंगे। साथ ही वाहन जांच और यातायात व्यवस्था पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी।