

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Mega Medical Camp at Durg Police Lines
दुर्ग। पुलिस कर्मियों, सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों, अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों और उनके परिजनों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए दुर्ग पुलिस लाइन में रविवार को एक दिवसीय मेगा मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। पुलिस विभाग और जन मित्र संस्था के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया।
इस अवसर पर डीजीपी अरुण देव गौतम, पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, कलेक्टर अभिजीत सिंह समेत पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कैंप का निरीक्षण किया और जवानों से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी ली।
डीजीपी अरुण देव गौतम ने कहा कि इस तरह का मेगा मेडिकल कैंप पिछले वर्ष भी आयोजित किया गया था और इस वर्ष भी इसका आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य उन पुलिस जवानों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है, जो लगातार ड्यूटी, व्यस्त दिनचर्या या अन्य कारणों से नियमित स्वास्थ्य जांच नहीं करा पाते।
उन्होंने कहा कि यदि जवान समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराएं और किसी बीमारी का शुरुआती स्तर पर पता चल जाए तो उसका बेहतर इलाज संभव हो सकता है। इसी सोच के साथ इस अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस जवानों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना चाहिए, क्योंकि स्वस्थ पुलिस बल ही बेहतर कानून व्यवस्था बनाए रखने में सक्षम होता है।
‘जवानों को पर्याप्त आराम और अवकाश मिलता है’
मीडिया द्वारा यह सवाल पूछे जाने पर कि लगातार ड्यूटी और कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारियों के कारण जवानों को पर्याप्त आराम नहीं मिल पाता, डीजीपी ने कहा कि ऐसा नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस जवानों के लिए आराम और अवकाश की पूरी व्यवस्था है। हालांकि, कई बार कानून-व्यवस्था की विशेष परिस्थितियों और अतिरिक्त ड्यूटी के कारण छुट्टियों में कुछ व्यवधान आ सकते हैं, लेकिन विभाग जवानों के स्वास्थ्य और विश्राम का पूरा ध्यान रखता है।
नशे के खिलाफ जनता से मांगा सहयोग
प्रदेश में बाहर से आ रहे नशीले पदार्थों और स्कूल-कॉलेजों तक ड्रग्स पहुंचने के सवाल पर डीजीपी अरुण देव गौतम ने कहा कि इस तरह के मामलों में जनता की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी स्कूल, कॉलेज या किसी अन्य स्थान पर नशे के कारोबार की जानकारी मिले तो लोग तत्काल पुलिस को सूचना दें।
डीजीपी ने कहा कि पुलिस हर सूचना पर कार्रवाई करने के लिए तैयार है। उन्होंने लोगों से अपील की कि समाज को नशे से बचाने के लिए पुलिस और जनता मिलकर काम करें।
उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है और जागरूक नागरिकों के सहयोग से इस पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।