

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Powerful trailer of Aamir Khan Productions' 'Partition: 1947' released; receiving immense praise on social media.
मुंबई। आमिर खान प्रोडक्शंस की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'बंटवारा 1947' का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। निर्देशक राजकुमार संतोषी की इस पीरियड ड्रामा फिल्म के ट्रेलर को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। ट्रेलर में भारत के विभाजन के दौरान हुए दर्द, विस्थापन और इंसानियत की मार्मिक कहानी को बेहद प्रभावशाली अंदाज में पेश किया गया है।
फिल्म की कहानी 1947 के भारत-पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इसमें एक ऐसे परिवार के संघर्ष को दिखाया गया है, जिसकी जिंदगी हिंसा, भय और जबरन पलायन की वजह से पूरी तरह बदल जाती है। ट्रेलर यह संदेश भी देता है कि नफरत और हिंसा के बीच भी इंसानियत और उम्मीद हमेशा जिंदा रहती है।
ट्रेलर में सनी देओल एक ऐसे मजबूत किरदार में नजर आते हैं, जो हर परिस्थिति में अपने सिद्धांतों पर अडिग रहता है। वहीं शबाना आज़मी एक अनुभवी और संवेदनशील महिला की भूमिका में कहानी की सबसे मजबूत कड़ी बनकर उभरती हैं। प्रीति जी जिंटा अपने परिवार को हर हाल में एकजुट रखने के लिए संघर्ष करती दिखाई देती हैं। ट्रेलर में तीनों कलाकारों की भावनात्मक अदाकारी दर्शकों को प्रभावित कर रही है।
बड़े पैमाने पर तैयार किए गए ट्रेलर में विभाजन के दौर की भयावहता, विस्थापन और मानवीय संवेदनाओं को शानदार सिनेमैटोग्राफी के साथ दिखाया गया है। फिल्म केवल इतिहास की त्रासदी नहीं, बल्कि उन लोगों की कहानी भी बयां करती है जिन्होंने कठिन दौर में भी रिश्तों, विश्वास और इंसानियत को बचाए रखा।
ट्रेलर रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर दर्शक इसकी जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई यूजर्स इसे भावनात्मक, दमदार और बड़े स्तर पर बनी फिल्म बता रहे हैं। फिल्म के विजुअल्स, बैकग्राउंड स्कोर और कलाकारों की परफॉर्मेंस को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं, जिससे फिल्म को लेकर उत्साह और बढ़ गया है।
'बंटवारा 1947' में शबाना आज़मी, सनी देओल, प्रीति जी जिंटा, करण देओल, अली फज़ल और अभिमन्यु सिंह जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। खास बात यह है कि करीब 30 साल बाद निर्देशक राजकुमार संतोषी और सनी देओल की सुपरहिट जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ काम कर रही है।
आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है। फिल्म का संगीत ए. आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। फिल्म का निर्माण आमिर खान और अपर्णा पुरोहित ने किया है। 'बंटवारा 1947' पार्टिशन डे के अवसर पर 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।