

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Prince Yadav dies under suspicious circumstances in Nepal; he was a named accused in the Khan Global Studies attack case.
पटना। पटना के खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञानबिंदु कोचिंग के बीच हुए विवाद से जुड़े मामले में नामजद आरोपित प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रिंस यादव, ज्ञानबिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद के सगे भाई थे। घटना के बाद बिहार और नेपाल पुलिस स्तर पर मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।
दोस्तों के साथ नेपाल में ठहरे थे प्रिंस
जानकारी के अनुसार, प्रिंस यादव अपने कुछ दोस्तों के साथ नेपाल गए थे और सभी अलग-अलग होटलों में ठहरे हुए थे। नेपाल पुलिस को दिए गए बयान में प्रिंस के एक दोस्त ने बताया कि वह मानसिक रूप से परेशान थे और तीन जून से नेपाल में रहने के दौरान उन्हें नींद नहीं आ रही थी। बाद में उन्होंने दवा लेना शुरू किया, जिससे उन्हें नींद आने लगी थी।
अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत
दोस्त के मुताबिक, शनिवार शाम प्रिंस होटल में आराम कर रहे थे, जबकि वह एक अन्य मित्र के साथ बाहर गया था। इसी दौरान अन्य दोस्तों का फोन आया कि प्रिंस की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
खान ग्लोबल स्टडीज पर हमले के मामले में थे आरोपित
गौरतलब है कि दो जून को पटना स्थित खान ग्लोबल स्टडीज पर हुए हमले, तोड़फोड़ और फायरिंग के मामले में संस्थान प्रबंधन की ओर से दर्ज प्राथमिकी में ज्ञानबिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद, उनके छोटे भाई प्रिंस यादव समेत कई लोगों को नामजद किया गया था।
भाई की गिरफ्तारी के बाद नेपाल चले गए थे
मामले में रौशन आनंद की गिरफ्तारी के बाद प्रिंस यादव अपने कुछ दोस्तों के साथ नेपाल चले गए थे। अब उनकी मौत के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस मौत के कारणों और उससे जुड़ी परिस्थितियों की जांच में जुटी हुई है।