

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Prostitution racket busted in Bhilai under the guise of a wellness spa center.
दुर्ग। भिलाई के जुनवानी इलाके में वेलनेस स्पा सेंटर की आड़ में कथित रूप से देह व्यापार संचालित किए जाने का पुलिस ने खुलासा किया है। स्मृतिनगर चौकी और महिला थाना की संयुक्त टीम ने ली वेलनेस स्पा सेंटर में छापेमारी कर स्पा सेंटर के मैनेजर, एक महिला दलाल और सात ग्राहकों समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 4 लाख रुपये कीमत के 19 मोबाइल फोन, 1,900 रुपये नगद, दो रजिस्टर समेत आपत्तिजनक सामग्री और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि जुनवानी स्थित ली वेलनेस स्पा सेंटर में वेलनेस सेंटर की आड़ में देह व्यापार का संचालन किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए स्मृतिनगर पुलिस ने टीम गठित की और मौके पर दबिश दी। पुलिस की कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर में संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं।
मैनेजर और महिला दलाल की भूमिका सामने आई
पुलिस जांच में सामने आया कि स्पा सेंटर का मैनेजर तनय सोनी ग्राहकों से पैसे लेकर महिलाओं को देह व्यापार के लिए उपलब्ध कराने का काम करता था। वहीं हेमा सिंह उर्फ प्रीत पर महिला दलाल के रूप में लड़कियों को उपलब्ध कराने और ग्राहकों से संपर्क कराने में भूमिका निभाने का आरोप है।
पुलिस ने मौके से मैनेजर और महिला दलाल के अलावा सात ग्राहकों को भी पकड़ा। सभी आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 यानी PITA Act की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत कार्रवाई की गई है।
19 मोबाइल और दो रजिस्टर जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 19 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा ग्राहकों से लिए गए 1,900 रुपये नगद भी जब्त किए गए।
पुलिस ने ग्राहकों और देह व्यापार के लिए आने वाले व्यक्तियों की जानकारी से संबंधित सामग्री, आपत्तिजनक सामग्री और अन्य दस्तावेज भी जब्त किए हैं। मौके से दो रजिस्टर भी मिले हैं, जिनमें ग्राहकों से संबंधित जानकारी दर्ज होने की बात पुलिस ने कही है। इन दस्तावेजों और मोबाइल फोन की जांच के जरिए पुलिस मामले से जुड़े अन्य लोगों और गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।
आठ लड़कियां मिलीं, सभी बालिग
नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में स्पा सेंटर से जुड़ी कुल आठ लड़कियों के संबंध में जानकारी सामने आई है और पुलिस के अनुसार सभी बालिग हैं। इनमें कुछ लड़कियां छत्तीसगढ़ की हैं, जबकि कुछ नॉर्थ-ईस्ट राज्यों से होने की जानकारी मिली है।
लड़कियों से महिला थाने में अलग से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस तरह चल रहा था कथित नेटवर्क
पुलिस के अनुसार, स्पा सेंटर की आड़ में ग्राहकों से पैसे लिए जाते थे। इसके बाद महिला दलाल के माध्यम से महिलाओं/लड़कियों को बुलाकर ग्राहकों से संपर्क कराया जाता था। स्पा सेंटर का मैनेजर इस पूरी गतिविधि के संचालन में भूमिका निभा रहा था।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क से और कितने लोग जुड़े हुए हैं और स्पा सेंटर में यह गतिविधि कितने समय से संचालित हो रही थी।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
पुलिस ने जिन नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें—
1. तनय सोनी, उम्र 23 वर्ष, पद्मनाभपुर, दुर्ग — स्पा सेंटर मैनेजर
2. हेमा सिंह उर्फ प्रीत, उम्र 32 वर्ष, राधिका नगर, वैशाली नगर — महिला दलाल
3. रूपेन्द्र जंघेल, उम्र 39 वर्ष, जुनवानी
4. रितिक सोनी, उम्र 26 वर्ष, राम नगर, उरला, दुर्ग
5. दिनेन्द्र कुमार सोनी, उम्र 27 वर्ष, पोटिया कला, दुर्ग
6. हेमंत सिन्हा, उम्र 28 वर्ष, वृंदा नगर, बोर्सी, दुर्ग
7. अविनाश शर्मा उर्फ अभी, उम्र 32 वर्ष, कैलाश नगर, हाउसिंग बोर्ड
8. आनंद कुमार, उम्र 31 वर्ष, वैशाली नगर
9. अरुण पाण्डेय, उम्र 24 वर्ष, स्मृतिनगर, भिलाई
शामिल हैं।
PITA Act के तहत कार्रवाई
स्मृतिनगर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तारी की है। पुलिस जब्त मोबाइल फोन, रजिस्टर और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे और कार्रवाई की जा सकती है।
पुलिस ने नागरिकों से की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी स्पा सेंटर, होटल या अन्य संस्थान में अवैधानिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैधानिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरी कार्रवाई में थाना सुपेला, चौकी स्मृतिनगर और महिला थाना पुलिस की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।