

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG News: Major announcement by CM Sai at the Sen Shakti Conference, ₹50 lakh for a community hall; a square in Naya Raipur to be named after Sant Sen Ji Maharaj.
रायपुर। राजधानी रायपुर में आयोजित सेन शक्ति सम्मेलन एवं केश शिल्पी सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सेन समाज के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने सेन समाज के सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपए देने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने संत शिरोमणि सेन जी महाराज के नाम पर नया रायपुर में चौक का नामकरण किए जाने की भी जानकारी दी।
मुख्यमंत्री साय ने सेन समाज के गौरवशाली इतिहास और सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि यह समाज सदियों से भारतीय सामाजिक व्यवस्था, संस्कारों और सामाजिक समरसता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। उन्होंने भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर को सेन समाज की गौरवशाली विरासत का प्रतीक बताया।
.jpeg)
चिकित्सा महाविद्यालय परिसर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सेन समाज केवल अपनी पारंपरिक सेवाओं तक सीमित नहीं है। जन्म से लेकर विवाह और मृत्यु तक समाज के प्रत्येक संस्कार में सेन समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
उन्होंने कहा कि सेन समाज सनातन परंपराओं और संस्कारों को एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। समाज के योगदान और उसकी आवश्यकताओं को देखते हुए राज्य सरकार सेन समाज के कल्याण के लिए हरसंभव सहयोग करेगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सेन समाज के सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार सेन समाज की मांगों और आवश्यकताओं पर गंभीरता से विचार कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने एक और महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि संत शिरोमणि सेन जी महाराज के नाम पर नया रायपुर में चौक का नामकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नामकरण की प्रक्रिया के लिए कमेटी का गठन किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सेन समाज के विकास और कल्याण के लिए सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग जारी रहेगा।
.jpeg)
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेन समाज के कल्याण के लिए केश शिल्पी कल्याण बोर्ड का गठन पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में किया गया था। उन्होंने बताया कि उस दौरान सैलून संचालन के लिए सेन समाज के लोगों को किट उपलब्ध कराने, कुम्हारों को बैटरी चलित चाक और बढ़ई समाज के लोगों को कारपेंट्री किट देने जैसी पहल की गई थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज की जरूरतों के अनुरूप सेन समाज को आगे बढ़ाने के लिए नई संभावनाओं पर भी विचार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री साय ने भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर को सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर का सेन समाज से होना पूरे समाज के लिए गौरव की बात है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुनर, प्रतिभा और श्रम का सम्मान बढ़ा है। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के माध्यम से पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े लोगों को आर्थिक सहायता, ऋण और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में विधायक रिकेश सेन और छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन भी समाज की सेवा और प्रदेश के विकास में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केश शिल्पी कल्याण बोर्ड को युवा नेतृत्व मिला है और गौरीशंकर श्रीवास के नेतृत्व में सेन समाज को आगे बढ़ाने का कार्य तेजी से होगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के प्रत्येक वर्ग को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पारंपरिक हुनर और छोटे व्यवसायों से जुड़े लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और सामान्य परिवेश में रहकर उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभाशाली लोगों को सम्मान मिलने से समाज में श्रम और हुनर के प्रति सम्मान की भावना मजबूत हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पिछले ढाई वर्षों के दौरान विधानसभा चुनाव में किए गए ‘मोदी की गारंटी’ के अधिकांश वादों को पूरा करने की दिशा में तेजी से काम हुआ है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं और प्रतिदिन करीब 1500 से 1600 मकानों का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जा रहा है और 21 क्विंटल प्रति एकड़ तक धान खरीदी की जा रही है। दो वर्षों का बकाया धान बोनस भी किसानों को दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की करीब 70 लाख माताओं-बहनों के खातों में हर महीने 1000 रुपए की राशि भेजी जा रही है।उन्होंने दावा किया कि ढाई वर्षों में योजना के माध्यम से 19 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में ट्रांसफर की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रामलला दर्शन योजना के माध्यम से अब तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या जाकर प्रभु श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना को भी दोबारा शुरू किया गया है। इसके माध्यम से प्रदेश के बुजुर्गों को विभिन्न तीर्थ स्थलों की यात्रा कराई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के 5 लाख से अधिक भूमिहीन कृषि मजदूरों को हर साल 10 हजार रुपए की सहायता राशि दी जा रही है। इसके अलावा तेंदूपत्ता संग्राहकों के पारिश्रमिक में वृद्धि और चरण पादुका योजना को दोबारा शुरू करने की बात भी उन्होंने कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार देने के लिए विभिन्न विभागों में 20 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की जा चुकी है। पुलिस, बिजली, सहकारिता समेत कई विभागों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है। नई उद्योग नीति के माध्यम से करीब डेढ़ लाख युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। प्रदेश को अब तक 8 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिल चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने सेन समाज के पदाधिकारियों और सामाजिक प्रतिनिधियों से अपील की कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के पात्र लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि समाज के बेटे-बेटियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सामाजिक संगठनों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।
मुख्यमंत्री ने कोरोना काल में बिजली बिल का भुगतान नहीं कर पाने वाले उपभोक्ताओं के लिए लागू मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पात्र उपभोक्ता पंजीयन कराकर बिजली बिल में राहत प्राप्त कर सकते हैं और सरचार्ज आदि में भी छूट का लाभ मिल सकता है। उन्होंने पात्र लोगों से योजना का लाभ उठाने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश में अब तक करीब 80 हजार घरों में सोलर सिस्टम लगाए जा चुके हैं।उन्होंने बताया कि इनमें करीब 40 हजार घरों में बिजली बिल शून्य आ रहा है। मुख्यमंत्री ने लोगों से योजना का लाभ लेने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नागरिकों की सुविधा के लिए सरकार ने सेवा सेतु शुरू किया है। इसमें 36 विभागों की 700 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। लोग मोबाइल के माध्यम से घर बैठे जाति, आय, निवास प्रमाण पत्र सहित विभिन्न सेवाओं के लिए आवेदन कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शुरू की गई है। इसके माध्यम से लोग घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि तहसीलदार, इंजीनियर, थाना प्रभारी से लेकर सचिव स्तर तक करीब 8 हजार अधिकारी इस व्यवस्था से जुड़े हैं। शिकायतों के समाधान के लिए एल-1, एल-2, एल-3 और एल-4 स्तर की व्यवस्था की गई है।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सेन समाज के लिए गौरीशंकर श्रीवास को जिम्मेदारी देने के मुख्यमंत्री के निर्णय की सराहना की। उन्होंने कहा कि संघर्ष का दूसरा नाम गौरीशंकर श्रीवास है और वे लगातार समाज के लिए काम कर रहे हैं।
डॉ. रमन सिंह ने कहा कि विधायक रिकेश सेन भी विधानसभा में सेन समाज और समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों को सक्रियता से उठाते हैं। उन्होंने कहा कि सेन समाज हजारों वर्षों से गांव और सामाजिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण धुरी रहा है। जन्म, विवाह और मृत्यु जैसे संस्कारों में समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
कार्यक्रम में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने सेन शक्ति सम्मेलन को सामाजिक एकता और समरसता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि सेन समाज के युवाओं के कौशल विकास के लिए विभिन्न प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने समाज के प्रतिनिधियों से नए ट्रेड और प्रशिक्षण शुरू करने के संबंध में सुझाव देने की अपील की, ताकि युवाओं को अधिक से अधिक अवसर मिल सकें।
छत्तीसगढ़ राज्य केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष गौरीशंकर श्रीवास ने कार्यक्रम को सेन समाज के लिए ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने केश शिल्पी कल्याण बोर्ड का गठन कर इसे सेन समाज को समर्पित किया था।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बोर्ड को आगे बढ़ाने का काम किया जा रहा है। श्रीवास ने कोरोना काल में सेन समाज के लोगों द्वारा की गई सेवा का भी उल्लेख किया और समाज के कल्याण से जुड़ी विभिन्न मांगों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशभर से आए सेन समाज के प्रशिक्षित युवाओं को किट का वितरण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में समाज के प्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक रिकेश सेन, छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन, केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष गौरीशंकर श्रीवास सहित विभिन्न बोर्डों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि और सामाजिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।