

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Ram Janmabhoomi Trust Update
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की सोमवार को अयोध्या में महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। हाल के दिनों में कथित चढ़ावा गिनती और वित्तीय अनियमितताओं को लेकर उठे विवादों तथा लगातार हो रहे खुलासों के बीच बुलाई गई इस बैठक में ट्रस्ट की प्रशासनिक व्यवस्था, जांच और सुरक्षा से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।
जानकारी के अनुसार, पहले यह बैठक मणिराम दास छावनी में प्रस्तावित थी, लेकिन सुरक्षा कारणों और मीडिया की भीड़ को देखते हुए बैठक का स्थान बदलकर रामजन्मभूमि परिसर स्थित गेस्ट हाउस कर दिया गया है।
बैठक में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के इस्तीफे, ट्रस्टी अनिल मिश्रा और मंदिर निर्माण कार्य से जुड़े गोपाल राव की भूमिका पर भी चर्चा हो सकती है। इसके अलावा एसआईटी की अंतरिम रिपोर्ट, नई प्रशासनिक व्यवस्था, सीईओ की नियुक्ति, चढ़ावे की गिनती और बैंकिंग प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाने जैसे मुद्दे एजेंडे में शामिल बताए जा रहे हैं।
इस बीच ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंददेव गिरि ने एक खुला पत्र जारी कर कहा है कि उनका चढ़ावे की गिनती से कोई संबंध नहीं रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे ट्रस्ट के किसी बैंक खाते के अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता भी नहीं हैं और सभी भुगतान बैंक ट्रांसफर के माध्यम से किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि दोषी चाहे कोई भी हो, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियों ने संभावित विरोध और संवेदनशील माहौल को देखते हुए चंपत राय समेत तीन ट्रस्टियों की सुरक्षा बढ़ाने की सिफारिश की है। बैठक में इस विषय पर भी विस्तार से विचार किए जाने की संभावना है।
वहीं, विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने जांच अधिकारी को पत्र लिखकर इस मामले में लगाए गए आरोपों और सार्वजनिक बयानों की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि आरोपों के समर्थन में ठोस साक्ष्य नहीं मिलते हैं तो कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।