

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Ram Mandir administration set for a new direction... Former Air Marshal Jitendra Mishra takes charge as the first CEO.
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम उठाया गया है। सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र ने गुरुवार को राम मंदिर के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी यानी CEO के रूप में पदभार संभाल लिया। राष्ट्रसेवा में लंबा अनुभव रखने वाले मिश्र अब मंदिर की प्रशासनिक, वित्तीय और श्रद्धालु सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेंगे।CEO की नियुक्ति के बाद अब श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट उनके सहयोग के लिए अन्य महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियां करने की तैयारी में है। इनमें ज्वाइंट CEO और डिप्टी CEO के पद प्रमुख होंगे।
ट्रस्ट की ओर से ज्वाइंट CEO और डिप्टी CEO के लिए जल्द नाम तय किए जाने की संभावना है। इन नियुक्तियों में चयन समिति की ओर से तैयार किए गए CEO पैनल का आधार लिया जाएगा।ट्रस्ट के महासचिव स्वामी गोविंददेव गिरि के अनुसार, चयन समिति ने तीन नामों के पैनल के अलावा भविष्य की आवश्यकता को देखते हुए तीन अन्य नाम भी सुझाए हैं। जरूरत के अनुसार इन नामों पर भी विचार कर नियुक्ति की जा सकती है।
जितेंद्र मिश्र की नियुक्ति के बाद मंदिर से जुड़े वैधानिक, प्रशासनिक और वित्तीय कार्यों के संचालन में CEO की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। अयोध्या में रोजाना आने वाले करीब डेढ़ से दो लाख श्रद्धालुओं के लिए दर्शन व्यवस्था, सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं को सुचारु रखना भी बड़ी जिम्मेदारी होगी।इन कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए ट्रस्ट और CEO के समन्वय से अलग-अलग विभागों और पदों पर आवश्यक नियुक्तियां की जाएंगी।
अयोध्या एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में जितेंद्र मिश्र ने कहा कि उन्होंने 17 वर्ष की उम्र में देवरिया से निकलकर राष्ट्रसेवा का सफर शुरू किया था। भारतीय वायुसेना में विभिन्न जिम्मेदारियों पर काम करने के बाद वे अप्रैल में सेवानिवृत्त हुए।मिश्र ने कहा कि राष्ट्रसेवा के बाद अब भगवान राम की सेवा का अवसर मिलना उनके लिए जीवन का बेहद सौभाग्यशाली क्षण है। उन्होंने बताया कि मंदिर की व्यवस्थाओं और जिम्मेदारियों को समझने के बाद करीब चार-पांच दिन में कामकाज को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने की शुरुआत करेंगे।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अगली त्रैमासिक बैठक 2 दिसंबर को प्रस्तावित है। ट्रस्ट अध्यक्ष के उत्तराधिकारी और विशेष आमंत्रित सदस्य महंत कमलनयन दास ने इसकी जानकारी दी है।CEO की नियुक्ति के बाद अब ट्रस्ट के सामने मंदिर की बढ़ती व्यवस्थाओं को पेशेवर ढंग से संचालित करने और लाखों श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।