

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Ramayanam: Rakul Preet Singh’s striking look as Shurpanakha unveiled; the actress appears in a royal avatar.
मनोरंजन। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायणम्’ को लेकर दर्शकों का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। फिल्म के मेकर्स एक-एक करके महाकाव्य के अहम किरदारों से पर्दा उठा रहे हैं। इसी कड़ी में अब अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह का शूर्पणखा के रूप में पहला लुक जारी कर दिया गया है। पोस्टर में रकुल बेहद आकर्षक रॉयल अवतार में नजर आ रही हैं। उनका यह लुक सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
फिल्म के मेकर्स ने सोशल मीडिया पर पोस्टर साझा करते हुए कैप्शन में लिखा, "जनस्थान की राजकुमारी, शूर्पणखा। शूर्पणखा के रूप में रकुल प्रीत सिंह।"
पोस्टर में रकुल को बेहद खूबसूरत और भव्य परिधान में दिखाया गया है। उनके आकर्षक सोने के आभूषण और सिर पर सजा शानदार हेडपीस किरदार के शाही अंदाज को और खास बना रहे हैं। पोस्टर के जरिए पहली बार दर्शकों को रकुल के शूर्पणखा अवतार की झलक देखने को मिली है।
फिल्म का हिस्सा बनने को लेकर रकुल प्रीत सिंह ने अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने कहा कि नमित मल्होत्रा की ‘रामायणम्’ का हिस्सा बनना और शूर्पणखा का किरदार निभाना उनके लिए बेहद खास अनुभव है।
रकुल के मुताबिक, महाकाव्य में शूर्पणखा की अहम भूमिका है। एक कलाकार के तौर पर उसके व्यक्तित्व और दुनिया को समझना और उसे पर्दे पर उतारना उनके लिए शानदार सफर रहा है। उन्होंने इस प्रतिष्ठित कहानी का हिस्सा बनने पर गर्व जताया। साथ ही नितेश तिवारी और नमित मल्होत्रा की भव्य प्रस्तुति को देखने के लिए भी उत्सुकता जाहिर की।
रामायण की कथा में रावण की बहन शूर्पणखा का किरदार बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। भगवान राम और लक्ष्मण से उसका सामना कहानी में एक बड़ा मोड़ लेकर आता है। इसके बाद घटनाओं का ऐसा सिलसिला शुरू होता है, जो आगे चलकर राम और रावण के बीच युद्ध की भूमिका तैयार करता है। ऐसे में फिल्म में शूर्पणखा का किरदार कहानी की महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगा।
‘रामायणम्’ में बॉलीवुड और साउथ सिनेमा के कई बड़े सितारे नजर आएंगे। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभाते दिखाई देंगे। अब रकुल प्रीत सिंह के शूर्पणखा लुक ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर किया है। फिल्म को दो भागों में रिलीज किया जाएगा।
पार्ट 1: 5 नवंबर 2026
पार्ट 2: दिवाली 2027
फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में दुनियाभर में रिलीज होगी। इसे IMAX फॉर्मेट में भी प्रदर्शित किया जाएगा। फिल्म के संगीत को टी-सीरीज के लेबल के तहत रिलीज किया जाएगा।