

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Rapper Badshah faces mounting troubles, summoned for song 'Tettiri', multiple FIRs filed; receives threat from Lawrence Bishnoi
मुंबई। मशहूर सिंगर और रैपर बादशाह (आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया) विवादों में घिरते जा रहे हैं। उनके गाने ‘टटीरी’ के आपत्तिजनक बोल और वीडियो को लेकर कानूनी शिकंजा कसता जा रहा है। हरियाणा बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए बादशाह समेत अन्य संबंधित लोगों को समन जारी किया है।
7 दिन में जवाब देने का निर्देश
आयोग ने बादशाह के साथ वीडियो निर्देशक महावीर सिंह संधू (माही संधू), जोबन संधू और प्रोडक्शन हाउस को नोटिस जारी कर 7 दिनों के भीतर अपना पक्ष रखने को कहा है। आयोग ने वीडियो में दिखाई गई लड़कियों की उम्र और उनकी सहमति को लेकर भी सवाल उठाए हैं।
कई शहरों में एफआईआर दर्ज
मामले में हरियाणा के जींद में दो और पंचकूला में एक एफआईआर दर्ज की गई है। पंचकूला पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ी हैं।
इसके अलावा जींद पुलिस ने पूरे मामले की जांच के लिए एसआईटी (विशेष जांच दल) का गठन किया है।
महिला आयोग का सख्त रुख
नोटिस के बावजूद पानीपत में पेश न होने पर महिला आयोग ने सख्त कदम उठाए हैं। आयोग ने पानीपत, पंचकूला और जींद के एसपी को बादशाह का पासपोर्ट जब्त करने और उन्हें गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यह भी कहा गया है कि हरियाणा में उनके किसी भी कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी जाएगी।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग से धमकी
इस बीच लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों द्वारा भी बादशाह को धमकी दी गई है। गैंग के करीबी बताए जा रहे रणदीप मलिक और अनिल पंडित ने सोशल मीडिया पर धमकी देते हुए कहा कि हरियाणा की संस्कृति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश का अंजाम भुगतना पड़ेगा।
जांच जारी
पूरा मामला अब गंभीर रूप ले चुका है और कई एजेंसियां इसकी जांच में जुटी हैं। आयोग और पुलिस दोनों ही इस बात की जांच कर रहे हैं कि वीडियो में किसी प्रकार का कानून उल्लंघन हुआ है या नहीं।