

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Retired Group Captain attacked in Gurugram; struck with an iron rod during a parking dispute.
गुरुग्राम। कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय वायुसेना के ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ का हिस्सा रहे रिटायर्ड ग्रुप कैप्टन अमित कुमार गुप्ता पर गुरुग्राम में जानलेवा हमला किया गया। सेक्टर-65 स्थित मैग्नम ग्लोबल पार्क में पार्किंग को लेकर हुए विवाद के दौरान एक पार्किंग अटेंडेंट ने उन पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर में गंभीर चोट आई, जबकि कोहनी की हड्डी भी टूट गई। उन्हें इलाज के लिए मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी कोहनी की सर्जरी की गई।
सेक्टर-61 निवासी अमित कुमार गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 10 सितंबर की रात करीब आठ बजे अपने परिवार के साथ मैग्नम ग्लोबल पार्क स्थित गोंजो रेस्त्रां में डिनर करने पहुंचे थे। परिवार को रेस्त्रां पर उतारने के बाद वह अपनी कार पार्क करने के लिए जगह तलाशने लगे।
उनका आरोप है कि पार्किंग स्टाफ ने उन्हें पहले बेसमेंट और फिर मल्टीलेवल पार्किंग में अलग-अलग स्थानों पर जाने को कहा। काफी प्रयास के बाद भी उन्हें कार पार्क करने की जगह नहीं दी गई।
शिकायत के मुताबिक, जब रिटायर्ड ग्रुप कैप्टन कार को रिवर्स करने की कोशिश कर रहे थे, तभी एक पार्किंग अटेंडेंट ने उनकी कार की विंडशील्ड पर हाथ मारा। आरोप है कि अटेंडेंट ने शीशा तोड़ने की कोशिश की। अमित कुमार गुप्ता ने जब इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि पार्किंग अटेंडेंट लोहे की रॉड लेकर आया और उन पर हमला कर दिया।
आरोपित ने रिटायर्ड ग्रुप कैप्टन पर दो बार लोहे की रॉड से हमला किया। पहला वार उनके हाथ पर किया गया, जिससे उनकी कोहनी की हड्डी टूट गई। इसके बाद उनके सिर पर रॉड से हमला किया गया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई। परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में उनकी कोहनी की सर्जरी की गई।
घटना की शिकायत मिलने के बाद सेक्टर-65 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने सोमवार शाम कार्रवाई करते हुए हमले के आरोपित पार्किंग अटेंडेंट को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।