

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Rs 58 lakh fraud in Dhamtari: Trusted employee swindles second-hand vehicle dealer out of lakhs; accused absconding.
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के कुरुद थाना क्षेत्र में भरोसे का फायदा उठाकर 58 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। सेकंड हैंड गाड़ियों का कारोबार करने वाले एक व्यवसायी ने अपने ही कर्मचारी पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़ित व्यवसायी के अनुसार आरोपी शिवम रजक लंबे समय से उसके यहां कार्यरत था। अपने व्यवहार और कामकाज से उसने मालिक का विश्वास जीत लिया। आरोप है कि इसी भरोसे का फायदा उठाकर उसने फाइनेंस वाली सेकंड हैंड गाड़ियों की खरीद-बिक्री के दौरान धोखाधड़ी की योजना बनाई।
पुलिस के मुताबिक आरोपी अलग-अलग आठ गाड़ियों की खरीद-बिक्री के दौरान व्यवसायी के नाम पर एग्रीमेंट करवाता था। वह यह कहकर भरोसा दिलाता कि फाइनेंस की मासिक किस्तें वह स्वयं जमा करेगा, इसलिए एग्रीमेंट मालिक के नाम पर ही किया जाए। इसी प्रक्रिया के दौरान उसने कथित रूप से विभिन्न सौदों में हेरफेर करते हुए करीब 58 लाख रुपये अपने निजी बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिए।
शिकायत के अनुसार जैसे ही पूरी राशि आरोपी के खाते में पहुंची, वह अचानक लापता हो गया। व्यवसायी ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद उसे अपने साथ हुई कथित ठगी का एहसास हुआ और उसने कुरुद थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
प्रारंभिक जांच के बाद कुरुद थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318 के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है और संभावित ठिकानों पर उसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस अब पूरे वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि अलग-अलग सौदों में 58 लाख रुपये ट्रांसफर होने के बावजूद कारोबारी को समय रहते इसकी जानकारी क्यों नहीं मिली। जांच के दौरान बैंक खातों, दस्तावेजों और गाड़ियों के सौदों से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जाएगी।
फिलहाल मामला जांच के अधीन है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी और वित्तीय दस्तावेजों की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कथित ठगी को किस तरह अंजाम दिया गया और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।