

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Sandeep Pathak's joining the BJP sparks uproar in Chhattisgarh; AAP workers protest in his native village, brandishing 'traitor' on the walls of his house.
मुंगेली। आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता रहे संदीप पाठक के भाजपा में शामिल होने के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। मुंगेली जिले के उनके पैतृक गांव बटहा में बड़ी संख्या में पहुंचे ‘आप’ कार्यकर्ताओं ने उनके निवास का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। नाराज कार्यकर्ताओं ने घर की दीवारों पर ‘गद्दार’ लिखते हुए जमकर नारेबाजी की।
‘थिंक टैंक नहीं, सैप्टिक टैंक निकले’
प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने संदीप पाठक पर अवसरवाद और पार्टी के साथ विश्वासघात का आरोप लगाया। कार्यकर्ताओं ने दीवारों पर यह भी लिखा कि “संदीप पाठक थिंक टैंक नहीं, सैप्टिक टैंक निकले।”दरअसल, संदीप पाठक को आम आदमी पार्टी का प्रमुख रणनीतिकार माना जाता था और पंजाब में पार्टी की सरकार बनाने में उनकी अहम भूमिका रही थी।
प्रदेश उपाध्यक्ष प्रियंका शुक्ला ने लगाया विश्वासघात का आरोप
AAP की प्रदेश उपाध्यक्ष प्रियंका शुक्ला ने कहा कि जिस पार्टी ने संदीप पाठक को पहचान और सम्मान दिया, उसी पार्टी को छोड़कर उन्होंने जनता के भरोसे को तोड़ा है। उन्होंने इसे पार्टी कार्यकर्ताओं और पंजाब की जनता के साथ धोखा बताया।
राघव चड्ढा और अन्य नेताओं के साथ छोड़ी पार्टी
बताया जा रहा है कि संदीप पाठक ने हाल ही में राघव चड्ढा, अशोक मित्तल और अन्य नेताओं के साथ पार्टी छोड़ी थी। वह पहले पंजाब के प्रभारी भी रह चुके हैं। उनके साथ चार अन्य सांसदों के भी पार्टी छोड़ने के बाद AAP कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
सुरक्षा बढ़ाई गई, पुलिस अलर्ट
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने संदीप पाठक की सुरक्षा बढ़ा दी है और पुलिस को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि अब तक संदीप पाठक की ओर से इस पूरे विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
पहले भी नेताओं के घरों के बाहर हुआ विरोध
इससे पहले हरभजन सिंह के घर के बाहर भी AAP कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए ‘गद्दार’ लिख दिया था। उस दौरान पंजाब सरकार ने उनकी सुरक्षा भी वापस ले ली थी।