

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Entertainment: Sanjay Dutt's 'Aakhri Sawaal' trailer released, powerful dialogues and outspoken style grab audience's attention
मुंबई। आखरी सवाल का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया और फिल्म जगत में चर्चा का बड़ा विषय बन गया है। संजय दत्त स्टारर यह फिल्म देश के इतिहास से जुड़े उन संवेदनशील मुद्दों को सामने लाने का दावा कर रही है, जिन पर अब तक खुलकर बहस नहीं हुई।
RSS, गांधी हत्या और बाबरी मस्जिद जैसे मुद्दों को छूती है फिल्म
फिल्म का ट्रेलर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़ी ऐतिहासिक घटनाओं पर गंभीर सवाल उठाता नजर आता है। कहानी में महात्मा गांधी की हत्या, बाबरी मस्जिद विध्वंस और आपातकाल जैसे विवादित और संवेदनशील विषयों को शामिल किया गया है। ट्रेलर इन घटनाओं के पीछे की कथित साजिशों और अनसुलझे सवालों को दर्शकों के सामने रखने की कोशिश करता है।
संजय दत्त ने निभाया सबसे प्रभावशाली किरदार
पूरे ट्रेलर में संजय दत्त अपने दमदार संवादों और तीखे अंदाज़ से कहानी की धुरी बने दिखाई देते हैं। उनका किरदार सिस्टम और राजनीतिक नैरेटिव पर सीधे सवाल खड़े करता नजर आता है। ट्रेलर में कई ऐसे संवाद हैं जो दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर देते हैं।
समीरा रेड्डी की वापसी ने बढ़ाई उत्सुकता
फिल्म के जरिए समीरा रेड्डी बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं। उनके अलावा अमित साध, नमाशी चक्रवर्ती, नीतू चंद्रा और त्रिधा चौधरी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। सभी कलाकारों की झलक ट्रेलर को और अधिक इंटेंस बनाती है।
अभिजीत मोहन वारंग के निर्देशन की हो रही तारीफ
फिल्म का निर्देशन नेशनल अवॉर्ड विजेता फिल्ममेकर अभिजीत मोहन वारंग ने किया है। ट्रेलर में उनका निर्देशन गंभीर विषयों को निडरता और संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करता दिखाई देता है। फिल्म की कहानी, पटकथा और संवाद उत्कर्ष नैथानी ने लिखे हैं।
ISL के साथ रिलीज होने वाली पहली हिंदी फिल्म
‘आखरी सवाल’ एक नई पहल के चलते भी चर्चा में है। यह पहली हिंदी फिल्म बनने जा रही है जो बधिर दर्शकों के लिए इंडियन साइन लैंग्वेज (ISL) के साथ रिलीज होगी। साथ ही, फिल्म को दृष्टिबाधित दर्शकों के लिए भी अधिक सुलभ बनाने की तैयारी की गई है।
15 मई 2026 को सिनेमाघरों में होगी रिलीज
निखिल नंदा द्वारा प्रस्तुत इस फिल्म को निखिल नंदा और संजय दत्त ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म के सह-निर्माता पुनीत नंदा, डॉ. दीपक सिंह, गौरव दुबे और उज्ज्वल आनंद हैं। आखरी सवाल 15 मई 2026 को हिंदी, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।