

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Satna Accident: Car drags motorcycle riders returning from a wedding for 100 meters; three young men, including a brother-in-law and his brother-in-law, die a tragic death.
सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले में मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में जीजा-साले भी शामिल हैं। तीनों युवक शादी समारोह से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार बाइक सवारों को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। हादसे के बाद कार चालक और उसमें सवार लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा सतना जिले के सभापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत डोमहाई गांव के पास बिरसिंहपुर-कोटर मार्ग पर मंगलवार सुबह करीब 4 बजे हुआ। तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बाइक सवारों को लगभग 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गई और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसे में बिजली का पोल भी टूट गया।
पुलिस के मुताबिक, लौलाच निवासी सत्यनारायण साकेत अपने जीजा हरिलाल हरिजन निवासी पगार और रणधीर सिंह निवासी नई बस्ती कोलगवां के साथ बिरसिंहपुर में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गए थे। समारोह से वापस लौटते समय डोमहाई गांव के पास उनकी बाइक की कार से भिड़ंत हो गई।
हादसे में हरिलाल हरिजन और रणधीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल सत्यनारायण साकेत को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में तीनों युवकों की जान चली गई।
दुर्घटना के बाद कार चालक और वाहन में मौजूद अन्य लोग मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। फिलहाल पुलिस फरार कार चालक और अन्य सवारों की तलाश कर रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।