

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

'Seva Sankalp Abhiyan': A 'Lamp of Blessings' to be lit in every home on the evening of September 17; CM Sai makes a special appeal to the people of the state.
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ से पूरे उत्साह और आत्मीयता के साथ जुड़ने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सेवा छत्तीसगढ़ की संस्कृति और संस्कारों का अभिन्न हिस्सा है। प्रदेश का प्रत्येक नागरिक अपनी सहभागिता से इस अभियान को जनसेवा और जनभागीदारी का व्यापक उत्सव बनाए।
मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों के नाम जारी अपनी अपील में कहा कि अभियान के दौरान लोग अपने गांव, शहर और आसपास स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंदों की सहायता और जनसेवा से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का भी आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि यह अभियान सेवा की भावना को जन-जन तक पहुंचाने और समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को मिलकर निभाने का अवसर है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर के अवसर पर प्रदेशवासियों से विशेष अपील की है। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर की शाम 7 बजे प्रत्येक परिवार अपने घर में ‘आशीर्वाद का दीया’ जरूर जलाए। उन्होंने लोगों से अपने आसपास के लाभार्थी परिवारों को भी इस पहल से जोड़ने का आग्रह किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन के लिए छत्तीसगढ़वासियों की शुभकामनाओं का प्रतीक होगा। इसके साथ ही यह दीया सेवा, जनकल्याण और विकसित भारत के निर्माण के सामूहिक संकल्प का भी प्रतीक बनेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने गरीब कल्याण और विकास को जनभागीदारी से जोड़ते हुए आगे बढ़ने की नई ऊर्जा प्राप्त की है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण और विकास की विभिन्न योजनाओं ने लाखों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। पक्का आवास, स्वच्छ पेयजल, बिजली, सड़क, बेहतर स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हुआ है।
उन्होंने कहा कि विकास की प्रत्येक उपलब्धि के केंद्र में आम नागरिकों के पूरे होते सपने, बढ़ता आत्मविश्वास और जीवन में आती खुशहाली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में छत्तीसगढ़ अपनी सशक्त भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब गांव विकसित हों, शहर आगे बढ़ें और प्रत्येक परिवार विकास की मुख्यधारा से जुड़े।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान इस सामूहिक संकल्प को और मजबूत करने का अवसर है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों का आह्वान करते हुए कहा कि सभी मिलकर ‘सेवा संकल्प अभियान’ को छत्तीसगढ़ में जनभागीदारी का उत्सव बनाएं। उन्होंने लोगों से सेवा और जनकल्याण के कार्यों से जुड़कर विकसित भारत के निर्माण में विकसित छत्तीसगढ़ की सशक्त भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।