

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Seven years since the abrogation of Article 370; Prime Minister speaks of a new era of development and equal rights in Jammu & Kashmir.
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 और अनुच्छेद 35ए हटाए जाने के सात वर्ष पूरे होने पर कहा कि पांच अगस्त 2019 का फैसला देश की एकता और अखंडता को नई मजबूती देने वाला ऐतिहासिक निर्णय था। उन्होंने कहा कि इस कदम के बाद जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में विकास, सुशासन और समान अवसरों की नई शुरुआत हुई है।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि पिछले सात वर्षों में दोनों केंद्र शासित प्रदेशों में व्यापक बदलाव देखने को मिले हैं। आधारभूत ढांचे का तेजी से विस्तार हुआ है और शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्यमिता तथा खेल जैसे क्षेत्रों में नए अवसर पैदा हुए हैं। उन्होंने कहा कि जिन महिलाओं और वंचित समुदायों को लंबे समय तक अपने संवैधानिक अधिकारों का पूरा लाभ नहीं मिल पाया था, वे अब भारतीय संविधान के पूर्ण लागू होने से सशक्त हुए हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के समग्र विकास के लिए निरंतर काम कर रही है। सरकार का उद्देश्य ऐसा वातावरण तैयार करना है, जहां हर नागरिक अपने सपनों को साकार कर सके और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाए।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस वर्ष पांच अगस्त का महत्व इसलिए भी विशेष है क्योंकि देश डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती मना रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता के प्रति उनका समर्पण आज भी प्रेरणा देता है और जिस संकल्प को उन्होंने वर्षों पहले सामने रखा था, वह पांच अगस्त 2019 को ऐतिहासिक रूप से साकार हुआ।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अनुच्छेद 370 और 35ए हटने के बाद जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में शांति, विकास और समान अवसरों का नया युग शुरू हुआ है। उनके अनुसार पिछले सात वर्षों में दोनों क्षेत्रों में सकारात्मक परिवर्तन स्पष्ट रूप से दिखाई दिए हैं।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि पांच अगस्त आधुनिक भारत के इतिहास का स्वर्णिम दिन है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय ने राष्ट्रीय एकता को नई मजबूती दी। उन्होंने कहा कि लाल चौक पर आज सम्मान के साथ लहराता तिरंगा इस बात का प्रतीक है कि दृढ़ नेतृत्व और राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने का संकल्प बड़े से बड़े लक्ष्य को भी संभव बना सकता है।