

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Shaan reveals the secrets to fitness and a healthy lifestyle, says, 'Life teaches you the art of restraint.'
मुंबई। मशहूर गायक और संगीतकार शान अपनी मधुर आवाज़ और शानदार ऊर्जा के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में वह जाने-माने ट्रेड एनालिस्ट कोमल नाहटा के पॉडकास्ट ‘गेम चेंजर्स: द म्यूज़िक सीरीज़’ में नजर आए, जहां उन्होंने अपने संगीत सफर के साथ-साथ फिटनेस, खान-पान और बदलती जीवनशैली को लेकर भी खुलकर बात की।
बातचीत के दौरान शान ने बताया कि उम्र बढ़ने के साथ उन्होंने अपनी जीवनशैली में कई बदलाव किए हैं। खासतौर पर पार्टी और शराब को लेकर अब वह पहले की तुलना में काफी सतर्क रहते हैं।
शान ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि पहले वह बेफिक्र होकर पार्टी करने और अगले दिन गाने के लिए तैयार रहने पर गर्व महसूस करते थे। हालांकि, समय के साथ उन्हें एहसास हुआ कि उम्र बढ़ने पर शरीर पहले की तरह जल्दी रिकवर नहीं करता।
शान ने कहा कि 40 की उम्र के बाद उन्हें महसूस हुआ कि शरीर को पहले की तुलना में ज्यादा देखभाल की जरूरत होती है। उन्होंने बताया कि अब उन्होंने कई चीजों में कटौती कर दी है।
उनके मुताबिक, अगर किसी पार्टी में जाना हो तो वह शराब का सेवन काफी कम रखते हैं। वहीं, अगर अगले दिन काम या परफॉर्मेंस हो, तो वह शराब से पूरी तरह दूरी बनाते हैं।
अपनी हेल्दी लाइफस्टाइल के बारे में बात करते हुए शान ने बताया कि उन्होंने शराब के साथ-साथ कोल्ड ड्रिंक का सेवन भी कम कर दिया है। उनके लिए फिटनेस अब सिर्फ एक्सरसाइज तक सीमित नहीं है, बल्कि रोजमर्रा की आदतों और खान-पान में संतुलन भी इसका अहम हिस्सा है।
इसी बदलाव को बेहद सहज अंदाज में बयान करते हुए शान ने कहा, “ज़िंदगी आपको परहेज़ करना सिखा देती है।”
शान ने अपने पुराने और मौजूदा दौर की तुलना करते हुए कहा कि पहले वह सोचते थे कि पार्टी करने के बाद भी अगले दिन आसानी से काम किया जा सकता है। लेकिन अब उनकी प्राथमिकताएं बदल गई हैं।
उन्होंने कहा कि समय के साथ इंसान खुद अपनी सीमाओं को समझने लगता है और उसी के अनुसार जीवनशैली में बदलाव करता है।
कोमल नाहटा का ‘गेम चेंजर्स: द म्यूज़िक सीरीज़’ संगीत जगत के चर्चित कलाकारों के सफर, संघर्ष, प्रेरणाओं और अनकही कहानियों को सामने लाने वाला पॉडकास्ट है। नए सीजन में संगीत से जुड़े कई जाने-माने कलाकार अपनी जिंदगी और करियर के अनुभव साझा कर रहे हैं।
शान का यह एपिसोड भी उनके संगीत सफर के साथ उनकी फिटनेस और बदलती जीवनशैली की झलक पेश करता है। ‘गेम चेंजर्स: द म्यूज़िक सीरीज़’ को कोमल नाहटा के यूट्यूब चैनल पर देखा जा सकता है।