Copyright © 2025 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार
Shefali Jariwala dies of cardiac arrest
मुंबई — मशहूर मॉडल और अभिनेत्री शेफाली जरीवाला का शुक्रवार देर रात आकस्मिक निधन हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया, जिसके बाद पति पराग त्यागी ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शेफाली की उम्र 42 वर्ष थी।
उनका शव रात करीब 12:30 बजे अंधेरी स्थित कूपर अस्पताल लाया गया, जहां पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अस्पताल के AMO के अनुसार, मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।
शक के घेरे में परिस्थितियां, पुलिस और फॉरेंसिक टीम जुटी जांच में
शेफाली की मौत को लेकर मामला अब संदेहास्पद होता जा रहा है। मुंबई पुलिस की टीम देर रात उनके अंधेरी स्थित आवास पर पहुंची और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स के साथ घर की गहन तलाशी ली गई। हालांकि, अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन जिस तरह जांच तेज़ी से की जा रही है, वह कई सवाल खड़े कर रही है।
इंडस्ट्री और फैंस में शोक की लहर
शेफाली के निधन की खबर फैलते ही मनोरंजन जगत और फैंस में शोक की लहर दौड़ गई है। सोशल मीडिया पर उनके प्रशंसक और साथी कलाकार श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
‘कांटा लगा’ से बनी थीं स्टार
शेफाली जरीवाला को 2002 में आए आइकॉनिक रीमिक्स गाने ‘कांटा लगा’ से रातों-रात स्टारडम मिला था। उनका ग्लैमरस लुक, स्टाइलिश अवतार और जबरदस्त स्क्रीन प्रेजेंस ने उन्हें ‘कांटा लगा गर्ल’ बना दिया था। इस गाने ने न सिर्फ उन्हें पहचान दिलाई, बल्कि भारत में रीमिक्स म्यूज़िक की नई लहर भी शुरू की।
बिग बॉस और टीवी करियर
शेफाली ने 'बिग बॉस सीजन 13' में वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट के तौर पर हिस्सा लिया था। शो में उनके शांत व्यवहार, स्पष्ट सोच और सहानुभूति भरे स्वभाव ने उन्हें दर्शकों के बीच लोकप्रिय बनाया। इसके अलावा उन्होंने अपने पति पराग त्यागी के साथ 'नच बलिए 5' में भी भाग लिया था।
शेफाली का जन्म 15 दिसंबर 1982 को अहमदाबाद, गुजरात में हुआ था। उन्होंने 2014 में टीवी अभिनेता पराग त्यागी से शादी की थी। एक हालिया इंटरव्यू में शेफाली ने बताया था कि उन्हें किशोरावस्था में मिर्गी (Epilepsy) का पता चला था, जिससे उबरने में उन्हें करीब 15 साल लगे। यह उनकी लाइफ का सबसे मुश्किल दौर था।
आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट
मौत से तीन दिन पहले शेफाली ने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट डाली थी, जिसमें उन्होंने छह ग्लैमरस तस्वीरें साझा की थीं। कैप्शन था — "Bling it on baby ✨". अब ये पोस्ट फैंस के लिए एक यादगार बन गई है।