

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Shocking incident in Raipur: Following a dispute with his wife, a father slammed his 6-month-old daughter onto the ground twice; the infant has been admitted to the ICU.
रायपुर। राजधानी रायपुर के कोटा स्थित बीएसयूपी कॉलोनी में घरेलू विवाद के दौरान एक पिता पर अपनी छह माह की बेटी को दो बार जमीन पर पटकने का आरोप लगा है। घटना में बच्ची बेहोश हो गई, जिसके बाद परिजन उसे अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायपुर लेकर पहुंचे। बच्ची का आईसीयू में इलाज चल रहा है। मामले में सरस्वती नगर पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपी पिता आशीष कावरिया (21) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सोमवार को उसे न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार, बीएसयूपी कॉलोनी के ब्लॉक-35, मकान नंबर-01 में रहने वाली सरगम कावरिया ने शिकायत में बताया कि उसने करीब नौ महीने पहले आशीष कावरिया से कोर्ट मैरिज की थी। 14 अक्टूबर की शाम वह समता कॉलोनी स्थित अपने मायके से घर लौटी थी। आरोप है कि रात करीब नौ बजे पति घर पहुंचा और मायके जाने की बात को लेकर उसके साथ गाली-गलौज करने लगा।
शिकायत के मुताबिक, रात करीब डेढ़ बजे विवाद बढ़ने पर आशीष ने सरगम के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उसने अपनी छह माह की बेटी हिमानी को उठाकर जमीन पर पटक दिया। मां ने जब इसका विरोध किया, तो आरोपी ने बच्ची को दोबारा जमीन पर पटक दिया। इसके बाद बच्ची बेहोश हो गई।
बच्ची की हालत बिगड़ने पर सरगम ने अपने मामा ससुर और मामी सास को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और बच्ची को उपचार के लिए एम्स लेकर गए, जहां उसे भर्ती कराया गया। बच्ची का आईसीयू में इलाज जारी है।
घटना की शिकायत मिलने के बाद सरस्वती नगर पुलिस ने मामला दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी आशीष कावरिया को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायालय में पेश किया। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।