

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Sisters' affection reaches from Bastar to the border... 9,283 Rakhis dispatched for security force personnel.
जगदलपुर। रक्षाबंधन से पहले बस्तर की बहनों ने देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा में तैनात जवानों के प्रति अपना स्नेह और सम्मान अनूठे अंदाज में व्यक्त किया है। भाजपा महिला मोर्चा की ओर से चलाए गए 'ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र' अभियान के तहत जिलेभर से एकत्रित 9,283 राखियां सुरक्षा बलों के जवानों के लिए भेजी गईं।
भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष माहेश्वरी ठाकुर ने बताया कि अभियान के दौरान विभिन्न गांवों, शहरों, सामाजिक संस्थाओं और महिला समूहों की सहभागिता से बड़ी संख्या में बहनों ने स्वयं राखियां तैयार कीं। इन सभी रक्षा सूत्रों को संकलित कर सम्मानपूर्वक देश की सेवा में जुटे जवानों तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पूर्व सैनिकों को महिला मोर्चा की सदस्यों ने रक्षा सूत्र बांधकर उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया और उनके स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन की कामना की। आयोजन में देशसेवा के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति का संदेश भी दिया गया।
इस अवसर पर पूर्व सैनिकों के साथ जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों की भी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री केदार कश्यप, हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष शालिनी राजपूत, भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पांडेय, महापौर संजय पांडेय सहित महिला मोर्चा की बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और सामाजिक प्रतिनिधि शामिल हुए।
अभियान का उद्देश्य देश की सुरक्षा में दिन-रात तैनात सैनिकों तक बस्तर की बहनों का प्रेम, सम्मान और शुभकामनाएं पहुंचाना है। रक्षाबंधन के अवसर पर ये राखियां जवानों की कलाइयों पर सजेंगी और उन्हें अपने परिवार जैसा अपनापन महसूस कराएंगी।