

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Sports: The excitement of women's international cricket for the first time in Raipur, 3 T20 matches against Zimbabwe
रायपुर। राजधानी रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में इस साल सिर्फ आईपीएल का ही नहीं, बल्कि महिला इंटरनेशनल क्रिकेट का भी रोमांच देखने को मिलेगा। बीसीसीआई ने आगामी सीजन का शेड्यूल जारी कर दिया है, जिसके तहत भारतीय सीनियर महिला क्रिकेट टीम अक्टूबर में जिम्बाब्वे महिला टीम की मेजबानी करेगी।
इस ऐतिहासिक सीरीज के तहत रायपुर में तीन टी-20 मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि तीन वनडे मैच वडोदरा में आयोजित होंगे।
पहली बार भारत दौरे पर आएगी जिम्बाब्वे महिला टीम
जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीम का यह दौरा कई मायनों में खास होने वाला है। यह पहली बार होगा जब जिम्बाब्वे की महिला टीम भारत दौरे पर आएगी। साथ ही दोनों देशों की महिला टीमें पहली बार किसी द्विपक्षीय अंतरराष्ट्रीय सीरीज में आमने-सामने होंगी।
अब तक भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच मुकाबले केवल आईसीसी टूर्नामेंट और क्वालिफायर प्रतियोगिताओं तक ही सीमित रहे हैं। भारतीय महिला टीम ने भी अब तक जिम्बाब्वे का दौरा नहीं किया है।
रायपुर में पहली बार खेलेंगी भारतीय महिला क्रिकेटर
अब तक शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में केवल भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के मुकाबले आयोजित हुए हैं। ऐसे में यह पहला मौका होगा जब भारतीय महिला क्रिकेट टीम रायपुर में कोई अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगी।
इससे क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि बड़ी संख्या में दर्शक महिला क्रिकेट टीम का समर्थन करने स्टेडियम पहुंचेंगे।
महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम
बीसीसीआई आगामी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों को ध्यान में रखते हुए महिला क्रिकेट में द्विपक्षीय सीरीजों की संख्या बढ़ा रहा है। वर्ष 2027 में श्रीलंका में महिला टी-20 चैंपियंस ट्रॉफी आयोजित होनी है। ऐसे में भारतीय महिला टीम के लिए यह सीरीज तैयारी के लिहाज से काफी अहम मानी जा रही है।
रायपुर में टी-20 मुकाबलों का कार्यक्रम
16 अक्टूबर - पहला टी-20
18 अक्टूबर - दूसरा टी-20
20 अक्टूबर - तीसरा टी-20
वडोदरा में खेले जाएंगे वनडे मुकाबले
वडोदरा में वनडे सीरीज के तीन मुकाबले आयोजित होंगे।
23 अक्टूबर - पहला वनडे
25 अक्टूबर - दूसरा वनडे
28 अक्टूबर - तीसरा वनडे