

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार
.jpg&w=3840&q=75)
The 8-year wait is over; the Kachana Overbridge will provide significant relief from traffic jams in Raipur, inaugurated by CM Sai.
रायपुर। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार कचना रेलवे ओवरब्रिज आम लोगों के लिए खोल दिया गया। करीब 8 साल से अटकी इस परियोजना का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 48.78 करोड़ रुपये की लागत से लोकार्पण किया। 787 मीटर लंबे और 13 मीटर चौड़े इस ओवरब्रिज के शुरू होने से अब कचना रेलवे फाटक पर लगने वाले लंबे जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
दो लाख से ज्यादा लोगों को रोजाना फायदा, कई बड़े इलाकों की कनेक्टिविटी आसान
प्रशासन का दावा है कि इस ओवरब्रिज से प्रतिदिन दो लाख से अधिक लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। यह ब्रिज शंकरनगर, जोरा, वीआईपी कॉलोनी, खम्हारडीह, भावना नगर और कचना समेत कई इलाकों को जोड़ता है। इसके शुरू होने से शंकरनगर और विधानसभा रोड की आवाजाही भी पहले की तुलना में काफी सुगम हो जाएगी।
रेलवे फाटक पर रोजाना घंटों का जाम, अब मिलेगी राहत की राह
कचना रेलवे क्रॉसिंग पर हर दिन करीब 120 यात्री और मालगाड़ियां गुजरती हैं, जिसके कारण फाटक बार बार बंद करना पड़ता था। इसका सीधा असर स्कूल बसों, एंबुलेंस और दफ्तर जाने वाले लोगों पर पड़ता था। शाम के समय तो हालात और भी खराब हो जाते थे, जब फाटक के पास लंबा जाम लग जाता था।
आधुनिक सुविधाओं से लैस ब्रिज, रात में भी सुरक्षित सफर का दावा
लोक निर्माण विभाग के अनुसार ओवरब्रिज में सर्विस लेन, रोड मार्किंग, रिफ्लेक्टिव साइन बोर्ड और आधुनिक लाइटिंग की व्यवस्था की गई है। इससे रात के समय भी सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित किया जा सकेगा।
सरकार ने बताया बड़ी उपलब्धि, 25 कॉलोनियों को मिलेगा सीधा लाभ
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि कचना और खम्हारडीह क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है। उन्होंने कहा कि इससे स्कूल, कॉलेज, दफ्तर और व्यापारिक गतिविधियों से जुड़े लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। वहीं उप मुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने कहा कि यह ओवरब्रिज करीब 25 कॉलोनियों के लिए जीवनरेखा साबित होगा और बिलासपुर तथा बलौदाबाजार दिशा में यात्रा भी आसान बनाएगा।
उद्घाटन के दिन ही जाम से जूझी राजधानी, तीन घंटे तक फंसे रहे लोग
जहां एक तरफ ओवरब्रिज की शुरुआत से राहत की उम्मीद जगी, वहीं उद्घाटन के दिन ही राजधानी रायपुर में भारी ट्रैफिक जाम देखने को मिला। शंकरनगर से कचना फाटक तक सड़कों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोग घंटों तक फंसे रहे।वीआईपी मूवमेंट और उद्घाटन कार्यक्रम के चलते कुछ समय के लिए यातायात रोका गया, जिससे दबाव और बढ़ गया। इसके साथ ही बीटीआई मैदान में लगे मेले से निकली भीड़ ने स्थिति को और बिगाड़ दिया।
घंटों रेंगता रहा ट्रैफिक, लोगों को उठानी पड़ी भारी परेशानी
स्थिति यह रही कि वाहन धीरे धीरे आगे बढ़ते रहे और कई लोग करीब एक घंटे तक जाम में फंसे रहे। शंकरनगर, अशोका रतन, अनुपम नगर और आसपास के क्षेत्रों में भी देर शाम तक यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। पुलिस बल मौजूद होने के बावजूद भीड़ और दबाव के कारण ट्रैफिक नियंत्रण में कठिनाई हुई।