

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

The India-Zimbabwe women’s T20 series begins today; Team India will embark on a new era under the captaincy of Smriti Mandhana.
रायपुर। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में गुरुवार से भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच टी-20 सीरीज शुरू होगी। पहले मुकाबले में भारतीय टीम की नजर जीत के साथ सीरीज का आगाज करने पर रहेगी। स्मृति मंधाना पूर्णकालिक कप्तान के रूप में टीम की कमान संभालेंगी, जबकि शेफाली वर्मा उपकप्तान की जिम्मेदारी निभाएंगी। मैदान पर अब तक खेले गए मुकाबलों के आंकड़ों को देखते हुए बड़े स्कोर की उम्मीद की जा रही है। भारतीय बल्लेबाजों के आक्रामक प्रदर्शन से 200 रन का आंकड़ा भी पार हो सकता है।
भारतीय महिला टीम इस सीरीज के साथ टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नए कप्तानी अध्याय की शुरुआत करेगी। स्मृति मंधाना के नेतृत्व में टीम बेहतर प्रदर्शन करते हुए जीत की लय हासिल करने का प्रयास करेगी। शेफाली वर्मा उपकप्तान के रूप में उनका साथ देंगी।बल्लेबाजी में स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा और हरमनप्रीत कौर पर विशेष नजर रहेगी। इन खिलाड़ियों से तेज शुरुआत करने और बड़े स्कोर की नींव रखने की उम्मीद है। भारतीय टीम की कोशिश शुरुआती ओवरों से ही जिम्बाब्वे के गेंदबाजों पर दबाव बनाने की होगी।
भारतीय टीम की गेंदबाजी में स्पिनरों की भूमिका अहम रह सकती है। मध्य ओवरों में विरोधी बल्लेबाजों की रन गति पर अंकुश लगाने के लिए दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्रीचरणी और मिन्नू मणि जैसे विकल्प मौजूद हैं।वहीं, तेज गेंदबाजी में क्रांति गौड़ और अरुंधति रेड्डी शुरुआती विकेट हासिल करने की जिम्मेदारी संभाल सकती हैं। भारतीय गेंदबाजों का लक्ष्य जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी को दबाव में रखकर बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोकना होगा।
शेफाली वर्मा ने कहा कि टी-20 क्रिकेट में आक्रामक खेल जरूरी है, लेकिन इसके साथ परिस्थितियों को समझकर बल्लेबाजी करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर के भारतीय महिला क्रिकेट में योगदान की सराहना की।शेफाली के अनुसार, अभ्यास के दौरान उन्होंने शॉर्ट गेंदों का सामना करने, स्पिनरों के खिलाफ बैकफुट पर खेलने और पुल शॉट लगाने पर विशेष काम किया है। विपक्षी टीमों की रणनीति को ध्यान में रखते हुए वह अलग-अलग परिस्थितियों में बल्लेबाजी का अभ्यास कर रही हैं। उनका प्रयास आक्रामकता बनाए रखते हुए सही समय पर सही शॉट खेलना है।
रायपुर में होने वाली इस सीरीज के तीनों मुकाबलों के दौरान महिला दर्शकों को स्टेडियम में निशुल्क प्रवेश दिया जाएगा। मैच 16, 18 और 20 अक्टूबर को खेले जाएंगे।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात के बाद छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ के अधिकारियों विजय शाह और मुकुल तिवारी ने महिला दर्शकों को निशुल्क प्रवेश देने का निर्णय लिया। इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक महिलाओं को स्टेडियम पहुंचकर भारतीय महिला टीम का उत्साह बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करना है।