

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

The echoes of a mimicry act performed on a stage in Indore reached Chhattisgarh... CM Sai remarked that Rahul Gandhi's conduct is being exposed before the nation.
रायपुर। इंदौर में आयोजित छात्रों की गूंज कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री और उसमें मां से जुड़े संदर्भ को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कार्यक्रम में स्टैंडअप कॉमेडियन पुलकित मणि ने प्रधानमंत्री की आवाज और बोलने के अंदाज की नकल की थी। इस दौरान राहुल गांधी भी मंच पर मौजूद थे। घटना का वीडियो सामने आने के बाद भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर सवाल उठाए हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधा। ओडिशा प्रवास से लौटने के बाद रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के पद पर बैठे राहुल गांधी को इस तरह का व्यवहार शोभा नहीं देता। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी का आचरण अब देश के सामने स्पष्ट हो रहा है।मुख्यमंत्री के बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में इस मुद्दे को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप और तेज हो गया है।
ओडिशा दौरे का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री साय ने बताया कि उन्होंने ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से मुलाकात की। बातचीत में दोनों राज्यों से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।साय ने कहा कि महानदी जल विवाद के समाधान की दिशा में सकारात्मक स्थिति बनी है। उनके मुताबिक, छत्तीसगढ़ और ओडिशा दोनों राज्यों में भाजपा की सरकार है और केंद्र में भी एनडीए की सरकार है। ऐसे में दोनों प्रदेशों के हितों को ध्यान में रखते हुए इस विषय का समाधान जल्द निकलने की उम्मीद है।
मिमिक्री विवाद के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया पर मां के सम्मान से जुड़ा कवि ओम व्यास का वीडियो भी साझा किया। पोस्ट के जरिए उन्होंने मां के प्रति सम्मान और संवेदना का संदेश दिया।मुख्यमंत्री की ओर से साझा की गई कविता में मां को ममता, करुणा और जीवन का आधार बताते हुए उनके सम्मान को सर्वोच्च स्थान देने की बात कही गई है। यह पोस्ट ऐसे समय सामने आई, जब इंदौर के कार्यक्रम में हुई मिमिक्री को लेकर राजनीतिक विवाद लगातार बढ़ रहा था।
कांग्रेस के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने भाजपा के आरोपों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं से जुड़े कार्यक्रम में उठे सवालों का जवाब देने के बजाय भाजपा इस मामले को मां के सम्मान से जोड़कर राजनीतिक मुद्दा बना रही है।ठाकुर ने दावा किया कि रोजगार, पेपर लीक, शिक्षा, महंगाई, स्वास्थ्य, किसानों की समस्याओं और आम लोगों की आर्थिक दिक्कतों जैसे विषयों पर चर्चा करने के बजाय भाजपा भावनात्मक मुद्दों को आगे कर रही है। उन्होंने भाजपा से इस मुद्दे पर राजनीति बंद करने की मांग की।
इंदौर के कार्यक्रम में हुई मिमिक्री अब केवल मंचीय प्रस्तुति तक सीमित नहीं रही है। भाजपा ने इसे प्रधानमंत्री और उनकी मां से जुड़े सम्मान का विषय बताया है, जबकि कांग्रेस का कहना है कि इसे राजनीतिक विवाद बनाने की कोशिश की जा रही है।इस पूरे विवाद ने एक बार फिर राजनीतिक मंचों पर हास्य, मिमिक्री और सार्वजनिक व्यक्तियों के सम्मान को लेकर बहस छेड़ दी है।