

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

The female bear came on the road in search of cubs,
कांकेर : कोकपुर गांव में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मादा भालू अपने दो शावकों की तलाश में सड़क पर आ गई। भालू के आक्रामक तेवर को देखते हुए ग्रामीणों और राहगीरों ने दूरी बना ली। देखते ही देखते कांकेर-देवरी-भानुप्रतापपुर मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई और करीब चार घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।
ग्रामीणों ने जब मादा भालू की गतिविधियों पर नजर रखी तो पता चला कि उसके दोनों शावक सड़क किनारे बने एक पुराने सेप्टिक टैंक में गिर गए हैं। शावकों के बाहर नहीं निकल पाने से मादा भालू लगातार बेचैन थी और लोगों को अपने पास आने से रोक रही थी।बताया गया कि मादा भालू रात के समय पहाड़ी क्षेत्र की ओर गई थी। इसी दौरान उसके दोनों शावक गड्ढे में गिर गए। सुबह लौटने पर जब उसे शावक दिखाई नहीं दिए तो वह उन्हें तलाशते हुए सड़क तक पहुंच गई। कई घंटे तक शावकों को बाहर निकालने की कोशिश के बाद भी सफलता नहीं मिली, जिससे उसका व्यवहार और अधिक आक्रामक हो गया।
मादा भालू के सड़क पर आने के बाद ग्रामीणों ने तत्काल सरपंच और उपसरपंच को इसकी जानकारी दी। वन विभाग को भी सूचना भेजी गई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लोगों को घटनास्थल से दूर रखा गया और मार्ग पर आवाजाही नियंत्रित की गई।
कुछ समय बाद मादा भालू सड़क के बीच खड़ी हो गई और गुजरने वाले लोगों तथा वाहनों की ओर दौड़ने लगी। इससेकांकेर-देवरी-भानुप्रतापपुर मार्ग पर वाहनों की कतार लग गई। करीब चार घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
सूचना मिलते ही बीट अधिकारी चंद्रशेखर नेता और वन्यप्राणी विशेषज्ञ चेतन पवार मौके पर पहुंचे। टीम ने ड्रोन के जरिए इलाके का निरीक्षण किया और गड्ढे में फंसे दोनों शावकों की स्थिति का पता लगाया।इसके बाद वन विभाग की टीम ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया। गड्ढे में सीढ़ी लगाकर दोनों शावकों को बाहर निकाला गया। शावकों के सुरक्षित बाहर आने के बाद मादा भालू को भी राहत मिली और क्षेत्र में सामान्य स्थिति बहाल करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
घटना के दौरान ग्रामीणों ने समझदारी दिखाते हुए मादा भालू के करीब जाने के बजाय वन विभाग को सूचना देना उचित समझा। समय पर टीम के पहुंचने से शावकों को सुरक्षित निकाल लिया गया और मादा भालू के आक्रामक व्यवहार के बीच किसी अप्रिय घटना की आशंका भी टल गई।