

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Entertainment: The teaser for 'The Paradise' a visual spectacle from 'Natural Star' Nani and Srikanth Odela has been released; the film is set to hit theaters on September 24, 2026.
मुंबई। नेचुरल स्टार नानी और निर्देशक श्रीकांत ओडेला की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'द पैराडाइज' का इंतजार अब और बढ़ गया है। मेकर्स ने आखिरकार फिल्म का धमाकेदार टीजर जारी कर दिया है, जिसमें दमदार एक्शन, शानदार विजुअल्स और इमोशनल ड्रामा की झलक देखने को मिलती है। 'दसरा' की ब्लॉकबस्टर सफलता के बाद यह जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर नया सिनेमाई अनुभव देने के लिए तैयार है।

फिल्म का टीजर शुरुआत से ही दर्शकों को एक अलग दुनिया में ले जाता है। स्लम की पृष्ठभूमि पर आधारित इस कहानी को निर्देशक श्रीकांत ओडेला ने बड़े कैनवास पर पेश किया है। टीजर में एक्शन, इमोशन और ड्रामा का जबरदस्त मिश्रण देखने को मिलता है, जिसने रिलीज़ होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा तेज कर दी है।
टीजर में नेचुरल स्टार नानी पहले से कहीं अधिक रॉ और पावरफुल अंदाज में नजर आ रहे हैं। वहीं अभिनेता राघव जुयाल एक खतरनाक विलेन की भूमिका में दिखाई देते हैं। दोनों के बीच होने वाली टक्कर फिल्म की सबसे बड़ी खासियतों में से एक मानी जा रही है। शानदार बैकग्राउंड स्कोर और सिनेमैटोग्राफी ने टीजर को और प्रभावशाली बना दिया है।
फिल्म का पहला गाना 'आया शेर' पहले ही बड़ी सफलता हासिल कर चुका है। यूट्यूब पर इसे 20 करोड़ से अधिक व्यूज़ और 18 लाख से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स, खासकर इंस्टाग्राम पर इस गाने पर हजारों रील्स बनाई जा चुकी हैं और नानी के लुक व उनके सिग्नेचर हुकस्टेप को फैंस जमकर रीक्रिएट कर रहे हैं।
एसएलवी सिनेमाज के बैनर तले बनी 'द पैराडाइज' 24 सितंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। फिल्म को हिंदी, तेलुगु, तमिल, अंग्रेज़ी, स्पेनिश, बंगाली, कन्नड़ और मलयालम सहित आठ भाषाओं में रिलीज़ किया जाएगा। मेकर्स ने टीजर के साथ फिल्म की रिलीज़ डेट की भी आधिकारिक घोषणा कर दी है।
मेकर्स फिल्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़े पैमाने पर पहुंचाने की तैयारी में जुटे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हॉलीवुड स्टार रयान रेनॉल्ड्स से फिल्म को वैश्विक बाजार में प्रस्तुत करने के लिए संपर्क किए जाने की चर्चा है। हालांकि, इस संबंध में निर्माताओं की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
'दसरा' के बाद नानी और श्रीकांत ओडेला की जोड़ी से दर्शकों को एक और बड़ी फिल्म की उम्मीद है। दमदार स्टारकास्ट, भव्य विजुअल्स, शानदार म्यूजिक और बड़े पैमाने पर रिलीज़ के साथ 'द पैराडाइज' को 2026 की सबसे बड़ी पैन-इंडियन फिल्मों में से एक माना जा रहा है। अब देखना दिलचस्प होगा कि 24 सितंबर को रिलीज़ के बाद यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कितना बड़ा इतिहास रचती है।