

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

The universe will resonate with Joi Barua's voice; a special music project linked to NASA's COSI mission.
नई दिल्ली। लोकप्रिय भारतीय गायक एवं संगीतकार जोई बरुआ अब एक ऐसी अंतरराष्ट्रीय संगीत साझेदारी का हिस्सा बनने जा रहे हैं, जिसमें अंतरिक्ष विज्ञान और प्रदर्शन कला का अनोखा संगम देखने को मिलेगा। नासा के COSI (Compton Spectrometer and Imager) मिशन से जुड़ी इस पहल के तहत बरुआ ब्रह्मांड की विशालता और उसके रहस्यों को संगीत के माध्यम से जीवंत करेंगे।
यह पहल नासा के COSI मिशन और दुनिया भर में प्रस्तुत किए जाने वाले संगीत एवं मल्टीमीडिया कार्यक्रम ‘कॉस्मिक रैप्सोडी’ को एक साथ लाती है। COSI मिशन का नेतृत्व बर्कले स्थित कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय की अंतरिक्ष विज्ञान प्रयोगशाला के वैज्ञानिक जॉन टॉमसिक कर रहे हैं।
‘कॉस्मिक रैप्सोडी’ की परिकल्पना कहानीकार एवं गीतकार जोड़ी सुसान लिम और क्रिस्टीना टींज टैन ने की है। फ्रांस के संगीतकार मनु मार्टिन इस विशाल वाद्यवृंद रचना के मुख्य संगीतकार और संयोजक हैं।
असम में जन्मे जोई बरुआ ने बताया कि इस वैश्विक परियोजना में उनका खास योगदान दो महत्वपूर्ण गीतों ‘स्टार अमंग द कॉस्मिक क्लाउड्स’ और ‘कॉन्फेटी स्टॉर्म’ की धुन तैयार करना है। इसके अलावा उन्होंने मनु मार्टिन के साथ ‘कॉन्फेटी स्टार-आयन’ का सह-लेखन भी किया है। बरुआ के मुताबिक, इस वैश्विक रचनात्मक साझेदारी का हिस्सा बनना उनके लिए असाधारण अनुभव है।
जोई बरुआ ने कहा कि भारत में ब्रह्मांड और संगीत दोनों के प्रति गहरा सांस्कृतिक लगाव है। इसके साथ भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की वैज्ञानिक उपलब्धियां भी देश की अंतरिक्ष यात्रा को खास बनाती हैं।
उन्होंने कहा कि नासा के COSI मिशन से जुड़ी इस साझेदारी में एक भारतीय संगीतकार के तौर पर योगदान देना उनके लिए बेहद खास अनुभव है। उनके अनुसार, यह उन भारतीय युवाओं के लिए संदेश है जो बड़े सपने देखते हैं कि वैज्ञानिक सोच और कल्पना एक साथ आगे बढ़ सकती हैं।
जोई बरुआ भारतीय संगीत जगत में लंबे समय से सक्रिय हैं। उन्होंने ‘एजेंट विनोद’, ‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा’, ‘देव डी’, ‘मुन्ना भाई एम.बी.बी.एस.’ और ‘लगे रहो मुन्ना भाई’ जैसी फिल्मों में पार्श्वगायक, रवर संयोजक और सहायक गायक के तौर पर काम किया है।
अब NASA के COSI मिशन से जुड़ी यह अंतरराष्ट्रीय संगीत परियोजना उनके करियर में एक और अलग अध्याय जोड़ने जा रही है, जहां संगीत के जरिए लोगों को ब्रह्मांड की विशालता और उसके रहस्यों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।