

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Raipur News: Timetable for 9th-11th exams changed, now exams will be held from March 25
रायपुर। रायपुर जिले के सरकारी स्कूलों में कक्षा 9वीं और 11वीं की परीक्षा के नए टाइम टेबल को लेकर उठे विरोध के बाद जिला शिक्षा कार्यालय ने अपना फैसला बदल दिया है। अब पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार ही परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। संशोधित आदेश के मुताबिक दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 25 मार्च से शुरू होकर 6 अप्रैल तक चलेंगी।
बोर्ड मूल्यांकन कार्य को देखते हुए बदलाव
दरअसल, वर्तमान में छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाएं 20 फरवरी से जारी हैं, जो 18 मार्च तक चलेंगी। बोर्ड परीक्षाएं समाप्त होते ही उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य शुरू होता है, जिसमें सरकारी स्कूलों के शिक्षक ही मूल्यांकनकर्ता की भूमिका निभाते हैं।
इसी बीच जिला शिक्षा कार्यालय ने 27 फरवरी से 13 मार्च तक 9वीं और 11वीं की परीक्षाएं कराने का टाइम टेबल जारी कर दिया था, जिससे शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच असमंजस की स्थिति बन गई थी।
लोक शिक्षण संचालनालय का निर्देश
विवाद बढ़ने पर लोक शिक्षण संचालनालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर पुराने टाइम टेबल के अनुसार परीक्षाएं आयोजित कराने के निर्देश दिए। डीपीआई के निर्देशानुसार कक्षा 1 से 7वीं, 9वीं और 11वीं की परीक्षाएं 25 मार्च से 10 अप्रैल तक आयोजित की जाएंगी। वहीं 5वीं की केंद्रीकृत परीक्षा 16 मार्च से और 8वीं की परीक्षा 17 मार्च से शुरू होगी।
मदरसा बोर्ड की परीक्षाएं 20 अप्रैल से
इधर छत्तीसगढ़ मदरसा बोर्ड ने हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी पत्राचार पाठ्यक्रम परीक्षा की समय-सारणी घोषित कर दी है। परीक्षाएं 20 अप्रैल से शुरू होकर 4 मई तक चलेंगी। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित किया गया है।
बोर्ड अध्यक्ष अलताफ अहमद के अनुसार हाईस्कूल पत्राचार परीक्षा में 20 अप्रैल को सामान्य हिंदी, 22 अप्रैल को सामान्य अंग्रेजी एवं संस्कृत, 25 अप्रैल को गणित, 27 अप्रैल को विशिष्ट उर्दू, 29 अप्रैल को सामाजिक विज्ञान और 2 मई को विज्ञान के प्रश्नपत्र होंगे।
हायर सेकेंडरी पत्राचार परीक्षा में 20 अप्रैल को विशिष्ट उर्दू, 22 अप्रैल को व्यवसाय अध्ययन, गणित, जीव विज्ञान और भूगोल, 25 अप्रैल को अर्थशास्त्र व भौतिकी, 27 अप्रैल को रसायन, लेखा शास्त्र और इतिहास, 29 अप्रैल को सामान्य अंग्रेजी व हिंदी तथा 2 मई को राजनीति शास्त्र और 4 मई को समाज शास्त्र के पेपर आयोजित किए जाएंगे।