

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Tragic accident in Chhapra: Four members of the same family died due to stove smoke, condition of three is critical
छपरा। बिहार के छपरा जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। बीते शुक्रवार देर रात एक ही परिवार के चार सदस्यों की दम घुटने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब परिवार के लोग बंद कमरे में जलती हुई अंगीठी के साथ सो रहे थे। कमरे में धुआं भर जाने के कारण उनका दम घुट गया। इस घटना में परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से बीमार हो गए हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
मृतकों की पहचान 3 वर्षीय तेजस, 4 वर्षीय अध्याय, 7 महीने की गुड़िया कुमारी और 70 वर्षीय कमलावती देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों बच्चे आपस में चचेरे भाई-बहन थे और सर्दियों की छुट्टियों में अपनी दादी कमलावती देवी के पास आए हुए थे।
तीन लोग अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर
घटना में बच्चों के चाचा अमित कुमार, उनकी मां अमीषा और अंजली की भी हालत बिगड़ गई। उन्हें गंभीर स्थिति में छपरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक बताई है। चिकित्सकों के अनुसार सभी को कार्बन मोनोऑक्साइड गैस के प्रभाव से सांस लेने में दिक्कत हुई।
गांव में छाया मातम
घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया है। पड़ोसियों ने बताया कि यह दृश्य बेहद हृदयविदारक था और कोई भी इस हादसे की कल्पना तक नहीं कर सकता था। ग्रामीणों ने कहा कि ठंड से बचने के लिए अंगीठी का सहारा लिया गया था, लेकिन यह परिवार के लिए काल बन गई।
पुलिस जांच में जुटी
यह घटना भगवान बाजार थाना क्षेत्र के भारत मिलाप चौक के पास अंबिका कॉलोनी में हुई। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जांच में दम घुटने को ही मौत का कारण बताया जा रहा है।