

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Tragic road accident in Janjgir-Champa: 4 dead in one night, 2 in critical condition
जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा क्षेत्र में रविवार की रात हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। इन हादसों में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल होकर बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। हादसों ने कई परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया।
खड़ी ट्रक से टकराई कार, दो की मौके पर मौत
पहली घटना रात करीब 2 बजे नेशनल हाईवे फोरलेन पर ग्राम अर्जुनी के पास हुई। रायपुर में केंद्र सरकार के उपक्रम में कार्यरत पंकज कुमार सिंह (51) और नितिन भास्कर (37) जांजगीर से एक शादी समारोह से लौट रहे थे। उनकी तेज रफ्तार कार सड़क पर बिना किसी संकेत के खड़ी खराब ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
अकलतरा पुलिस और एम्बुलेंस कर्मियों ने गैस कटर की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला।
रॉन्ग साइड बाइक और एम्बुलेंस की भिड़ंत, एक की मौत
दूसरी घटना ग्राम रसेड़ा में हुई, जहां प्रदीप निर्मलकर (36) अपने दो साथियों के साथ मौसी की शादी से लौट रहा था। इसी दौरान रॉन्ग साइड से आ रही बाइक की टक्कर जांजगीर लौट रही एक एम्बुलेंस से हो गई।
हादसे में प्रदीप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पिकअप की चपेट में आया स्कूटी सवार, मौके पर मौत
तीसरी घटना अकलतरा-बलौदा मार्ग पर कटघरी मोड़ के पास हुई। यहां सड़क किनारे खड़े स्कूटी सवार छत्रपाल धीवर (40) को तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने कुचल दिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
शादी वाले घरों में पसरा मातम
तीनों हादसों ने उन परिवारों को गहरा सदमा दिया है, जहां शादी की खुशियां चल रही थीं। एक ही रात में हुई इन घटनाओं ने पूरे इलाके में शोक की लहर फैला दी है।
लापरवाही बनी हादसों की बड़ी वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और बिना संकेत के खड़े वाहन जैसे कारण इन हादसों के पीछे प्रमुख हैं। पुलिस ने लोगों से सड़क पर सतर्कता बरतने की अपील की है।