

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Tragic road accident in Raipur: Speeding truck runs over mother and daughter; both killed
रायपुर। राजधानी रायपुर के वीआईपी चौक पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटी की मौत हो गई। स्कूटी से जा रही मां और उसकी नौ साल की बेटी को तेज रफ्तार ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में मां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल बेटी ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मृतकों की पहचान टेमरी गांव निवासी गंगा साहू (35) और उनकी बेटी रितिका साहू (9) के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया है।
जानकारी के मुताबिक, गंगा साहू अपनी बेटी रितिका के साथ स्कूटी से रायपुर शहर की ओर आ रही थीं। इसी दौरान वीआईपी चौक पर ट्रक से उनकी स्कूटी की टक्कर हो गई। टक्कर लगने के बाद मां-बेटी सड़क पर गिर गईं और ट्रक की चपेट में आ गईं।
हादसा इतना गंभीर था कि गंगा साहू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, नौ साल की रितिका गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल उपचार के लिए आंबेडकर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाई। मामले में कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। इस दर्दनाक दुर्घटना में मां और बेटी दोनों की जान जाने से इलाके में शोक का माहौल है।