

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Trailer of ‘Nayi Naveli’ released; Yami Gautam to be seen in a never-before-seen avatar.
मुंबई। यामी गौतम धर की अपकमिंग फिल्म ‘नई नवेली’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। नई नवेली को Amazon MGM Studios और Color Yellow ने प्रस्तुत किया है। फिल्म में यामी मोहिनी के किरदार में नजर आएंगी, जो एक आदर्श नई बहू के साथ-साथ कई रहस्यों से घिरी हुई दिखाई देती हैं।
‘भाभी डायन है’ से शुरू होती है रहस्यमयी कहानी
ट्रेलर की शुरुआत एक सामान्य भारतीय परिवार और शादी के माहौल से होती है। अवस्थी परिवार में नई बहू मोहिनी के आने के बाद घर में हंसी-मजाक, नोकझोंक और पारिवारिक ड्रामे के बीच कई अजीब घटनाएं सामने आने लगती हैं। इसी दौरान कहानी ‘भाभी डायन है’ जैसे रहस्यमयी सवाल की तरफ बढ़ती है।
जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, परिवार के सामने मोहिनी से जुड़े ऐसे राज खुलने लगते हैं, जो कहानी को सामान्य पारिवारिक कॉमेडी से निकालकर फैंटेसी, रहस्य और एक्शन की दुनिया में ले जाते हैं।
यामी गौतम का अलग अंदाज
फिल्म में यामी गौतम धर मोहिनी का किरदार निभा रही हैं। ट्रेलर में उनका किरदार एक तरफ चुलबुला और अपनापन लिए हुए नजर आता है, वहीं दूसरी तरफ उसके रहस्यमयी पहलू कहानी में उत्सुकता बढ़ाते हैं।
मेकर्स के मुताबिक, फिल्म में परिवार, कॉमेडी, इमोशन, रहस्य, जादुई दुनिया और एक्शन को एक साथ पेश किया गया है।
बालाजी मोहन ने किया निर्देशन
‘नई नवेली’ का निर्देशन बालाजी मोहन ने किया है। फिल्म की कहानी और लेखन हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा ने किया है। वहीं फिल्म को आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा ने प्रोड्यूस किया है।
फिल्म की कहानी मेरठ की पृष्ठभूमि पर आधारित है और इसे भारत की अपनी फैंटेसी फैमिली एंटरटेनर के तौर पर पेश किया जा रहा है। फिल्म का संगीत जी.वी. प्रकाश कुमार ने दिया है।
दशहरे से पहले सिनेमाघरों में होगी रिलीज
‘नई नवेली’ 16 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। मेकर्स को उम्मीद है कि दशहरे के मौके पर रिलीज होने वाली यह फिल्म दर्शकों को कॉमेडी, रहस्य, पारिवारिक ड्रामा और एक्शन का अलग अनुभव देगी।
फिल्म का ट्रेलर देखने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है—आखिर मोहिनी का वो राज क्या है, जो पूरे अवस्थी परिवार की कहानी को पूरी तरह बदल देता है?