

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Tricolor is a symbol of our national identity, self-respect and unity: Chief Minister Vishnudev Sai
रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभर में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को राजधानी रायपुर के सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रभक्ति के इस महाअभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि तिरंगा भारत की राष्ट्रीय अस्मिता, स्वाभिमान और एकता का प्रतीक है। तिरंगे को देखते ही हर भारतीय का मन गर्व और राष्ट्रप्रेम से भर उठता है। यह देशवासियों को एकता के सूत्र में बांधने वाला राष्ट्रीय गौरव है।
‘हर घर तिरंगा’ बना जनआंदोलन
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से देशवासियों को राष्ट्रीय ध्वज से भावनात्मक रूप से जोड़ने की पहल की है। आज यह अभियान व्यापक जनआंदोलन का रूप ले चुका है।
उन्होंने कहा कि गांव से लेकर शहर तक घर-घर लहराता तिरंगा देश की एकता, अखंडता और राष्ट्र के प्रति नागरिकों के समर्पण को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरे सम्मान और गौरव के साथ अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की। उन्होंने कहा कि तिरंगे को नमन करते हुए उन स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करनी चाहिए, जिनके संघर्ष और बलिदान से देश को स्वतंत्रता मिली।
छत्तीसगढ़ के वीर सपूतों को किया याद
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वतंत्रता संग्राम में छत्तीसगढ़ के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती ने अनेक वीर सपूतों को जन्म दिया, जिन्होंने मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह जैसे महान जनजातीय नायक का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। प्रदेश के अनेक स्वतंत्रता सेनानियों का त्याग और संघर्ष छत्तीसगढ़ की गौरवशाली विरासत का हिस्सा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के सभी वीरों और शहीदों को आज श्रद्धापूर्वक नमन करने का अवसर है।
नई पीढ़ी को इतिहास से जोड़ने का माध्यम
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास और राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।
उन्होंने कहा कि जब बच्चे और युवा अपने घरों पर तिरंगा फहराते हैं तो उनके भीतर राष्ट्र के प्रति गौरव, जिम्मेदारी और कर्तव्य की भावना और मजबूत होती है।
स्वतंत्रता को सार्थक बनाना सभी की जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश को स्वतंत्रता असंख्य बलिदानों के बाद मिली है। अब इस स्वतंत्रता को मजबूत और सार्थक बनाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। इस राष्ट्रीय लक्ष्य को हासिल करने में देश के प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।
‘तिरंगे की छांव में हम सभी भारतीय’
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि तिरंगे की छांव में हम सभी भारतीय हैं और राष्ट्रहित सभी के लिए सर्वोपरि है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान इसी राष्ट्रीय चेतना को और मजबूत करने का माध्यम है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने और एकजुट होकर विकसित, सशक्त एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।