

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Union Minister of State Savitri Thakur visited an Anganwadi center in Bhilai.
भिलाई। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर रविवार को भिलाई के एक आंगनबाड़ी केंद्र के कार्यक्रम में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के काम की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ महिला एवं बाल विकास विभाग की डायरेक्टर डॉ. रेणुका श्रीवास्तव, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग अशोक पांडेय समेत विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक कार्यकर्ताओं के प्रोत्साहन का कार्यक्रम
केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक विभिन्न गतिविधियां और सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं जमीनी स्तर पर लगातार अच्छा काम कर रही हैं। ऐसे कार्यक्रमों के जरिए उनका मनोबल बढ़ाने और उन्हें बेहतर तरीके से काम करने के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को सम्मान और प्रोत्साहन मिलने से उनमें नई ऊर्जा आती है और वे बच्चों तथा महिलाओं से जुड़े कार्यों को और बेहतर तरीके से कर सकती हैं।
आंगनबाड़ी में खेल-खेल में पढ़ाई पर जोर
आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए खिलौनों और दूसरी गतिविधियों को लेकर सावित्री ठाकुर ने कहा कि बच्चों को खेल के माध्यम से पढ़ाना आंगनबाड़ी व्यवस्था का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि बच्चों के शुरुआती वर्षों में उनके मानसिक विकास पर विशेष ध्यान देने की जरूरत होती है।
उन्होंने कहा कि खेल-खेल में पढ़ाई के जरिए बच्चों को सीखने के लिए प्रेरित किया जा सकता है। आंगनबाड़ी केंद्रों में खिलौने और गतिविधियां बच्चों को सहज माहौल देने के साथ उनकी सीखने की प्रक्रिया को भी बेहतर बनाने में मदद करती हैं।
मुनगा को बताया पोषण का महत्वपूर्ण स्रोत
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मुनगा (सहजन) के पौधों और उसके पोषण संबंधी फायदों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मुनगा में कई तरह के पोषक तत्व पाए जाते हैं और इसे बच्चों व परिवार के पोषण में शामिल किया जा सकता है।
उन्होंने लोगों से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़ते हुए घरों में पौधे लगाने की अपील भी की। उनका कहना था कि यदि हर घर में मुनगा का पौधा लगाया जाए तो परिवार को घर पर ही पोषण का एक अतिरिक्त स्रोत मिल सकता है।
आंगनबाड़ी में बच्चों का जन्मदिन और गोदभराई जैसे कार्यक्रम
सावित्री ठाकुर ने आंगनबाड़ी केंद्रों में होने वाली विभिन्न गतिविधियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बच्चों का जन्मदिन मनाना, गर्भवती महिलाओं की गोदभराई करना और पोषण से जुड़ी जानकारी देना आंगनबाड़ी केंद्रों की नियमित गतिविधियों का हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि फिलहाल पोषण माह के दौरान भी कार्यकर्ताओं के माध्यम से महिलाओं और बच्चों को पोषण संबंधी जानकारी दी जा रही है। उनका कहना था कि आंगनबाड़ी केंद्रों में लगातार कोई न कोई गतिविधि होती रहनी चाहिए, विशेष रूप से बच्चों के लिए ऐसी गतिविधियां जरूरी हैं, जिनसे उनका सीखने और विकास का माहौल बेहतर हो।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के योगदान को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर बच्चों, गर्भवती महिलाओं और माताओं तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में उनकी भूमिका अहम है।