

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Unveiling of a grand statue of Lord Sahasrabahu in Raigarh
रायगढ़। रायगढ़ के पंजरी प्लांट स्थित सहस्रबाहु चौक में शुक्रवार को भगवान श्री राजराजेश्वर सहस्रबाहु की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया गया। प्रदेश के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर आयोजित कलार समाज के सामाजिक सम्मेलन में शिक्षा, प्रतिभा प्रोत्साहन, युवाओं और बेटियों को आगे बढ़ाने सहित सामाजिक एकता और विकास के मुद्दों पर चर्चा हुई।

कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी मुख्य अतिथि और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल अध्यक्ष के रूप में शामिल हुए। दोनों मंत्रियों ने समाजजनों को शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक एकता मजबूत करने और नई पीढ़ी को शिक्षा एवं बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।

लड्डुओं से तौलकर मंत्रियों का स्वागत
बाबा प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम, पंजरी प्लांट में कलार समाज की ओर से प्रतिमा अनावरण एवं सामाजिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मंत्रियों का लड्डुओं से तौलकर और पुष्पमालाओं से भव्य स्वागत किया गया।
सम्मेलन में कलार समाज की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत के साथ शिक्षा को बढ़ावा देने, प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने और युवाओं व बेटियों को आगे बढ़ाने जैसे विषयों पर मंथन हुआ।
कलार समाज की विरासत समृद्ध : स्वास्थ्य मंत्री
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भगवान सहस्रबाहु की प्रतिमा की स्थापना को समाज के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने प्रतिमा स्थापना के प्रयासों के लिए वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी की सराहना की।

उन्होंने कहा कि रायगढ़ के महत्वपूर्ण चौक पर भगवान सहस्रबाहु की प्रतिमा स्थापित होना केवल रायगढ़ के कलार समाज ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के समाजजनों के लिए गौरव का अवसर है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वे स्वयं कलार समाज से आते हैं और समाज की भावनाओं से परिचित हैं। उन्होंने कलचुरी वंश के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती को सजाने-संवारने और बसाने में कलचुरी वंश के पूर्वजों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

उन्होंने कहा कि कलचुरी समाज का इतिहास किसी एक व्यवसाय तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसका ऐतिहासिक, सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व रहा है। कलचुरी साम्राज्य का प्रभाव छत्तीसगढ़ के साथ मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र और ओडिशा सहित कई क्षेत्रों तक रहा है।
उन्होंने समाजजनों से अपने गौरवशाली इतिहास को जानने और नई पीढ़ी को भी अपनी विरासत से परिचित कराने का आह्वान किया।
सभी समाज आगे बढ़ेंगे, तभी होगा समग्र विकास : वित्त मंत्री
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति उसकी आने वाली पीढ़ी की प्रगति से होती है। इसलिए बच्चों की शिक्षा, प्रतिभा और व्यक्तित्व निर्माण पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि प्रतिभा किसी एक समाज की संपत्ति नहीं होती। जिस समाज के बच्चों को आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे, वह समाज प्रगति करेगा। जब सभी समाज आगे बढ़ेंगे, तभी छत्तीसगढ़ और देश का समग्र विकास संभव होगा।
वित्त मंत्री ने युवाओं से केवल नौकरी तक सीमित न रहने की अपील की। उन्होंने कृषि, व्यवसाय, कला, संगीत, मीडिया सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने के लिए युवाओं को प्रेरित किया।
अपने जीवन के संघर्षों का उल्लेख करते हुए उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की।
बेटियों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर जोर
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने बेटियों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि बेटियों को इतना सक्षम और मजबूत बनाया जाना चाहिए कि वे जीवन के किसी भी क्षेत्र में सम्मान के साथ आगे बढ़ सकें।
उन्होंने अभिभावकों से बेटियों को शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर देने की अपील की।
95 प्रतिशत से अधिक अंक वालों को 25-25 हजार रुपये की घोषणा
कार्यक्रम में कक्षा 10वीं और 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाज के मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और शील्ड देकर सम्मानित किया गया।
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 95 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को स्वेच्छानुदान से 25-25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली बच्चों को प्रोत्साहन मिलने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और वे भविष्य में बेहतर उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित होते हैं।
समाज के पदाधिकारियों ने जताया आभार
नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान ने भगवान सहस्रबाहु की प्रतिमा के अनावरण को गौरव का अवसर बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सभी समाजों को आगे बढ़ाने की दिशा में कार्य कर रही है।
कलार समाज के प्रदेशाध्यक्ष विजय जायसवाल ने प्रतिमा अनावरण को समाज के लिए खुशी और गौरव का क्षण बताया। उन्होंने दोनों मंत्रियों सहित सभी अतिथियों और समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में नगर निगम सभापति डिग्रीलाल साहू सहित जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। छत्तीसगढ़ कलार महासभा की महाध्यक्ष सरोज दुष्यंत डनसेना, जिलाध्यक्ष केशव जायसवाल सहित समाज के अनेक पदाधिकारी और सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए।