

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

'Varanasi' shines at Comic-Con Mexico 2026, S.S. Karthikeya reveals big secrets
मुंबई। कॉमिक कॉन मेक्सिको 2026 में भारतीय सिनेमा की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वाराणसी’ ने जबरदस्त चर्चा बटोरी। फिल्म के प्रोड्यूसर एस. एस. कार्तिकेय ने इवेंट के दौरान फिल्म से जुड़ी कई दिलचस्प बातें साझा कीं और बताया कि फिल्म में ‘रामायण’ से प्रेरित 20 मिनट का खास हिस्सा देखने को मिलेगा।
“रामायण और मेक्सिकन इतिहास में हैं समानताएं”
कार्तिकेय ने बातचीत में कहा कि भारत और मेक्सिको की सांस्कृतिक जड़ें काफी हद तक एक जैसी हैं। उन्होंने बताया कि जैसे मेक्सिको की कई कॉमिक्स और फिल्में एज़्टेक और मयान सभ्यताओं से प्रेरणा लेती हैं, उसी तरह भारत में रामायण और महाभारत जैसे महाकाव्य कहानियों का बड़ा स्रोत हैं। उन्होंने कहा, “वाराणसी में रामायण के 20 मिनट हैं, इसलिए मुझे लगता है कि लैटिन अमेरिकी और भारतीय दर्शकों के बीच भावनात्मक और सांस्कृतिक जुड़ाव आसानी से बनेगा।”
मेक्सिको में मिला भारत जैसा अपनापन
कार्तिकेय ने मेक्सिको सिटी में मिले स्वागत की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि वहां की गर्मजोशी, परिवार को दी जाने वाली अहमियत और मसालेदार खाना उन्हें भारत की याद दिलाता है।
उनके मुताबिक, “मुझे ऐसा लगा जैसे मैं अपने ही देश में हूं। यहां का खाना और परिवार की अहमियत बिल्कुल भारतीय संस्कृति जैसी है। यही भावनाएं ‘वाराणसी’ की कहानी का भी अहम हिस्सा हैं।”
महेश बाबू से प्रियंका तक, स्टारकास्ट के लुक्स ने बढ़ाया क्रेज
फिल्म से महेश बाबू का ‘रुद्र’ अवतार, पृथ्वीराज सुकुमारन का ‘कुंभा’ लुक और प्रियंका चोपड़ा जोनास का ‘मंदाकिनी’ रूप पहले ही सामने आ चुका है। इन फर्स्ट लुक्स ने सोशल मीडिया पर जबरदस्त हलचल मचा दी है और दर्शकों की उत्सुकता कई गुना बढ़ा दी है।
ले ग्रांड रेक्स में मिला शानदार रिस्पॉन्स
फिल्म के पहले ग्लिम्प्स को ले ग्रैंड रेक्स में आयोजित ट्रेलर फेस्टिवल के दौरान प्रदर्शित किया गया था। यूरोप की इस प्रतिष्ठित स्क्रीन पर दर्शकों ने फिल्म को तालियों, सीटियों और चीयर के साथ शानदार रिस्पॉन्स दिया।
7 अप्रैल 2027 को रिलीज होगी फिल्म
एस. एस. राजामौली के निर्देशन में बन रही ‘वाराणसी’ को हाल के समय की सबसे बड़ी भारतीय फिल्मों में गिना जा रहा है। भव्य विजुअल्स, पौराणिक संदर्भ और दमदार स्टारकास्ट के साथ यह फिल्म 7 अप्रैल 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।