

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Vice President C.P. Radhakrishnan to visit Chhattisgarh on September 2; will attend the AIIMS Raipur convocation ceremony.
रायपुर। भारत के उपराष्ट्रपति श्री सी.पी. राधाकृष्णन के 2 सितंबर को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में राज्य स्तरीय अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में उपराष्ट्रपति के प्रवास से जुड़ी सुरक्षा, प्रोटोकॉल, यातायात, चिकित्सा, स्वागत और कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन 2 सितंबर को रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। उनके दौरे को लेकर एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल और वापसी तक की व्यवस्थाओं को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार अंतिम रूप देने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य सचिव विकासशील ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उपराष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सभी व्यवस्थाएं मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम और निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने एयरपोर्ट से एम्स तक एंट्री और एग्जिट प्लान, यातायात व्यवस्था तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने रायपुर कलेक्टर को एयरपोर्ट पर स्वागत व्यवस्था, रिसेप्शन लाइन, एम्स में रिसेप्शन और अन्य प्रोटोकॉल संबंधी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपराष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए एयरपोर्ट और कार्यक्रम स्थल पर पुलिस की पर्याप्त तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य सचिव ने गृह विभाग को सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक कार्रवाई समय पर पूरी करने को कहा। कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश और निकासी की व्यवस्था भी निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उपराष्ट्रपति के प्रवास के दौरान ठहरने की व्यवस्था, प्रकाश एवं विद्युत व्यवस्था और चिकित्सा सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। कार्यक्रम स्थल पर आकस्मिक चिकित्सा सहायता उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
मुख्य सचिव ने कार्यक्रम में बैठक व्यवस्था भारत सरकार द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल और प्राप्त डायस प्लान के अनुसार सुनिश्चित करने को कहा। समारोह के प्रारंभ में वंदे मातरम् और राष्ट्रगान सहित सभी निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने एम्स रायपुर के प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों को दीक्षांत समारोह से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को बेहतर समन्वय के साथ समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने पर जोर दिया, ताकि उपराष्ट्रपति का प्रवास व्यवस्थित और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
बैठक में गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, मुख्यमंत्री के सचिव मुकेश कुमार बंसल, रायपुर कमिश्नर श्याम धावड़े, सुशासन एवं अभिसरण विभाग के संयुक्त सचिव मयंक अग्रवाल, सामान्य प्रशासन विभाग की उप सचिव अंशिका पांडेय, रायपुर कलेक्टर, आईजी रायपुर, एम्स रायपुर के चिकित्सा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।