

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Weather set to change again in Chhattisgarh; alert issued for rain and lightning in several areas.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में शनिवार से एक बार फिर मानसून के सक्रिय होने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी संभावना जताई गई है। राजधानी रायपुर में शुक्रवार को दिनभर उमस भरी गर्मी के बाद शाम को मौसम बदला और कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से कुछ राहत मिली।
मौसम विभाग के मुताबिक 19 सितंबर की शाम के आसपास उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से प्रदेश में आने वाले दिनों में मौसम की गतिविधियों में बदलाव देखने को मिल सकता है। शनिवार से कई इलाकों में बादल छाने और बारिश का दौर बढ़ने की संभावना है।
19 सितंबर को छत्तीसगढ़ के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। वहीं, एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात हो सकता है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है।
राजधानी रायपुर में 19 सितंबर को आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना है। शहर में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। शुक्रवार शाम हुई बारिश के बाद शनिवार को भी मौसम सुहाना रहने की उम्मीद है।
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मौसमी बारिश सामान्य से करीब 6 प्रतिशत कम रही है।
बारिश के आंकड़ों की बात करें तो पथरिया में 4 सेंटीमीटर, सूरजपुर और बम्हनीडीह में 3-3 सेंटीमीटर तथा उसूर, जनकपुर-भरतपुर, बागबहरा और करतला में 2-2 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
शुक्रवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 34 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की संभावना को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है। अगले दो दिनों में मौसम की गतिविधियों पर नजर रखने की जरूरत होगी।