

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Case of robbery and abduction of cattle transporters in Dhamtari; two absconding accused arrested.
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में मवेशी ले जाने वाले लोगों को रोककर मारपीट, अपहरण और लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास आडिल (22) और साहिल अली (23) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों घटना के बाद से लगातार फरार चल रहे थे। मामले में पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
मामला 3 मार्च 2026 का है। पुलिस के अनुसार, देवेन्द्र कुमार मारकण्डे निवासी छाती, थाना कुरुद, अपने साथियों फगेश्वर कुमार, लक्ष्मण यादव, लीलेश कुमार और दुर्गेश कुमार के साथ पिकअप वाहन से बछड़ों को लेकर मुड़केरा जा रहे थे।
इसी दौरान आलेखुंटा-सिंगपुर मार्ग पर सफेद रंग की स्विफ्ट कार में सवार आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने खुद को “बजरंग दल व पुलिस वाला” बताकर पीड़ित और उसके साथियों को डराया-धमकाया। इसके बाद उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने देवेन्द्र कुमार का कथित रूप से अपहरण कर उसे दुगली की ओर ले गए। रास्ते में उससे 13,800 रुपये नगद और PhonePe के माध्यम से 30,000 रुपये जबरन ट्रांसफर करवाए गए।
इस तरह आरोपियों पर कुल 43,800 रुपये की लूट करने का आरोप है। पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना मगरलोड में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
इस मामले में पुलिस ने पूर्व में तीन आरोपियों ओमकार कुर्रे (40), चांद कुर्रे (19) और राहुल कुर्रे (26) को गिरफ्तार किया था। तीनों को 6 मार्च को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया था।
पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मारुति स्विफ्ट कार, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये है, दो मोबाइल फोन करीब 57 हजार रुपये और लूटी गई रकम में से 1,000 रुपये नगद बरामद किए थे। कुल 7.58 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई थी।
घटना के बाद सह-आरोपी विकास आडिल और साहिल अली लगातार फरार चल रहे थे। पुलिस द्वारा दोनों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मगरलोड पुलिस ने दोनों आरोपियों की घेराबंदी कर उन्हें अभिरक्षा में लिया।
पूछताछ में पुलिस के अनुसार, दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर लूट की रकम के बंटवारे में मिले हिस्से में से बची नगद राशि भी बरामद कर जब्त की गई।
पुलिस के मुताबिक, मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद विकास आडिल और साहिल अली को गिरफ्तार किया गया। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 126(2), 127(2), 296, 115(2), 351(3), 140(3), 310(2) और 309(6) के तहत कार्रवाई की गई। दोनों आरोपियों को प्रथम न्यायिक मजिस्ट्रेट, कुरुद के न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
धमतरी पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। साथ ही अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान जारी है।