

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Weather set to change again in Chhattisgarh; heavy rain alert for southern districts; showers likely in Raipur too.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। राजधानी रायपुर में मंगलवार रात मौसम बदला, लेकिन उमस भरी गर्मी से लोगों को पूरी तरह राहत नहीं मिल सकी। वहीं दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां लगातार जारी हैं। जगदलपुर और आसपास के इलाकों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है।
बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन अब और मजबूत होने की दिशा में है। मौसम विभाग ने इसके डीप डिप्रेशन में बदलने की संभावना जताई है। इसके प्रभाव से बुधवार को छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बारिश होने के साथ कुछ स्थानों पर भारी से अत्यंत भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, 22 सितंबर को सुबह 11:30 बजे डिप्रेशन पश्चिम-मध्य और उससे लगे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में 17.9 डिग्री उत्तर अक्षांश और 85.8 डिग्री पूर्व देशांतर के पास स्थित था। यह पिछले छह घंटों के दौरान करीब 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा।
मौसम सिस्टम के पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। इसके 23 सितंबर की रात तक विशाखापत्तनम और गोपालपुर के बीच उत्तरी आंध्र प्रदेश-दक्षिणी ओडिशा तट को पार करने का अनुमान है। इस सिस्टम का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी दिखाई देगा।
बुधवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। वहीं कुछ स्थानों पर भारी से अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। बारिश के दौरान गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है।
मौसम विभाग ने कई क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की है। दक्षिण छत्तीसगढ़ के जिलों में मौसम का असर अपेक्षाकृत अधिक रहने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। राजनांदगांव में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि पेण्ड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बारिश के आंकड़ों की बात करें तो कवर्धा में 4 सेमी, राजपुर और कोटा में 3 सेमी बारिश दर्ज की गई। चांदो, भैयाथान, मरवाही और दर्री में 2 सेमी, जबकि जांजगीर, लोरमी, कोरबा और अजगरबहार में 1 सेमी बारिश दर्ज हुई।
राजधानी रायपुर में 23 सितंबर को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। शहर में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। हालांकि बारिश के बावजूद उमस से पूरी तरह राहत मिलने की संभावना कम है।
मौसम विभाग ने दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों के लिए सुबह 10 बजे तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर और कोंडागांव में तेज हवा, आकाशीय बिजली और बारिश को लेकर चेतावनी दी गई है।
इसके अलावा सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, दुर्ग और बेमेतरा में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने बारिश और गरज-चमक के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। विशेष रूप से आकाशीय बिजली की संभावना वाले क्षेत्रों में खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।